
Korba GST Officer Suspended: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को निलंबित कर दिया गया है। उन पर कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के बदले 1.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है और शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने शनिवार को उन्हें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने उनके निलंबन का आदेश जारी किया है।

आचरण नियम के उल्लंघन पर निलंबन आदेश
CG ACB Trap News 2026: जारी आदेश के अनुसार ड्यूटी के दौरान रिश्वत की मांग करने को विभाग ने गंभीर कदाचार और लापरवाही माना है। जांच में पाया गया कि अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का पालन नहीं किया, जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त जगदलपुर संभाग रहेगा और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता भी मिलेगी।

तीन लाख के माल पर दस लाख की पेनाल्टी की धमकी
CG ACB Raid Korba: एसीबी में कबाड़ी व्यवसायी मोहम्मद शौएब रंगरेज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि गाड़ी के पास वैध बिल होने के बावजूद जीएसटी में अधिकृत न होने के बावजूद अंचला गिरी ने गाड़ी रुकवाई और 3 लाख रुपए के माल पर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी मांगी। आरोप के मुताबिक गाड़ी जब्त करने की धमकी देकर मामला निपटाने के लिए पहले 2 लाख रुपए मांगे गए और फिर 1.50 लाख रुपए पर बात तय हुई, जिसमें 50 हजार रुपए पेनाल्टी तथा शेष रकम घर पहुंचकर देने की बात हुई।

संयुक्त टीम ने जाल बिछाकर दबोचा और बिचौलिए पर कार्रवाई
रिश्वत की राशि का लेनदेन होते ही रायपुर और जगदलपुर की एसीबी संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जांच में कांकेर के संजयनगर निवासी 30 वर्षीय इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है, जिसके माध्यम से रिश्वत की रकम ली जा रही थी और अब उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 व 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।




