
CG Child Care Leave: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने संतान पालन अवकाश यानी चाइल्ड केयर लीव को महिला शासकीय कर्मचारियों का अधिकार बताया है। न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि शासकीय महिला अधिकारी या कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में कुल 730 दिनों के संतान पालन अवकाश की पात्र हैं। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद बिलासपुर के सेजेस शासकीय कन्या विद्यालय की महिला व्याख्याता राजश्री कौशिक का संतान पालन अवकाश शिक्षा विभाग ने स्वीकृत कर दिया है।
पांच साल के बेटे की देखभाल के लिए दायर की थी याचिका
CG Government Women Employees Leave: बिलासपुर निवासी महिला व्याख्याता राजश्री कौशिक ने अपने 5 वर्षीय पुत्र देवांश कौशिक की उचित देखभाल न कर पाने और शारीरिक परेशानियों के कारण अवकाश के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। न्यायालय के दखल के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर ने उनका संतान पालन अवकाश मंजूर करते हुए संबंधित आदेश की प्रति हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की।
पैर में चोट के बाद डीईओ ने खारिज किया था आवेदन
Bilaspur High Court Order 2026: याचिका में बताया गया था कि महिला व्याख्याता के बाएं पैर में चोट लगने के कारण लिगामेंट क्षतिग्रस्त हो गया था। शारीरिक कठिनाइयों और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते उनके लिए अपने 5 साल के बच्चे की समुचित देखरेख करना मुश्किल हो रहा था। इसी कारण उन्होंने 28 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर के पास आवेदन देकर संतान पालन अवकाश की मांग की थी, जिसे डीईओ ने अस्वीकार कर दिया था।
सिविल सेवा नियम के तहत 730 दिन की पात्रता
CG Teachers Leave News: आवेदन खारिज होने के बाद महिला लेक्चरर ने हाईकोर्ट की शरण ली। याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा अवकाश नियम 2010 के नियम 38 (सी) के तहत शासकीय महिला अधिकारी या कर्मचारी अपने पूरे सेवाकाल में कुल 730 दिनों के संतान पालन अवकाश की पात्र होती हैं।
स्टाफ की कमी का बहाना बनाकर नहीं रोक सकते अवकाश
इस नियम का मुख्य उद्देश्य यह है कि महिला कर्मचारी 18 वर्ष से कम आयु के अपने बच्चों की उचित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। अदालत के समक्ष यह स्पष्ट किया गया कि केवल स्टाफ की कमी या प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर किसी महिला कर्मचारी को संतान पालन अवकाश देने से इनकार नहीं किया जा सकता।



