Rajnandgaon Jewellery Theft News: बहन की सहेली के घर से लाखों के जेवरात चोरी, युवती गिरफ्तार, चोरी की प्लानिंग जान रह जायेंगे दंग

राजनांदगांव में पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली एक युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित युवती अपनी छोटी बहन की सहेली के घर आती जाती थी और मौका पाकर अलमारी में रखे करीब 2 लाख 20 हजार रुपए के सोने चांदी के जेवरात लेकर निकल गई थी। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपित को न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया है।

लखोली बैगापारा में हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार लखोली बैगापारा निवासी प्रार्थिया ने 6 नवंबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनके घर की अलमारी से अज्ञात व्यक्ति ने पुरानी चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट और सोने के 3 जोड़ी टॉप्स समेत अन्य गहने चुरा लिए थे, जिनकी कीमत लगभग 2,20,000 रुपए आंकी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26 और धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

संयुक्त टीम ने संभाली जांच की कमान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ व मुखबिरों से जानकारी जुटाई।

स्कूटी देकर भेजा बस स्टैंड और उड़ाए गहने

पुलिस जांच में सामने आया कि 21 वर्षीय आरोपित युवती श्रेया रानी भीमगंज, निवासी शंकरपुर शिवानंद चौक ओपी चिखली, अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर जाती थी। घटना वाले दिन भी वह छोटी बहन के साथ उसकी सहेली के घर पहुंची थी और वहां पहुंचने के बाद योजनाबद्ध तरीके से अपनी छोटी बहन व उसकी सहेली को सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया, जिसके बाद दोनों के बाहर निकलते ही उसने अलमारी से जेवरात चुरा लिए और फरार हो गई।

पूछताछ में कबूला जुर्म और गहने जब्त

परिचित होने के बावजूद की गई इस वारदात के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित युवती ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली और पुलिस ने उसके पास से लगभग 2 लाख 20 हजार रुपए के सोने चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त कर लिए।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया दुर्ग महिला जेल

पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को आरोपित युवती को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका रही शामिल

इस पूरे मामले के खुलासे में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार की अगुवाई में टीम के अन्य अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से चोरी के जेवरात बरामद कर मामले का पर्दाफाश किया जा सका।

Also Read: BALCO Plant Theft: शरीर पर 49 किलो तांबे का तार लपेटकर ऊपर से पहन ली जैकेट, चोरी का फिल्मी तरीका फेल, ऐसे पकड़ में आये दोनों युवक

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button