
Raipur Child Trafficking Case: : राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस की जांच में नया खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि गिरोह के दलालों ने ओडिशा की 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को दस्तावेजों में 21 साल का दिखाकर गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में उसका प्रसव कराया था, जिसके बाद ओडिशा के सुंदरगढ़ में स्कूल रिकॉर्ड की जांच से वास्तविक उम्र सामने आने पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
जेल भेजने का डर दिखाकर रायपुर बुलाया
Raipur Crime News 2026: एसआईटी की जांच के अनुसार रायपुर के 1 आईवीएफ सेंटर में कार्यरत नर्स कृतिका साहू ने इस सौदेबाजी में प्रमुख भूमिका निभाई। कृतिका के घर काम करने वाली महिला ओडिशा में पीड़िता के गांव की ही रहने वाली है और उसी ने किशोरी के गर्भवती होने की सूचना दी थी, जिसके बाद 15 साल की उम्र में गर्भवती होने पर गंभीर मामले में फंसाने और जेल भेजने का डर दिखाकर किशोरी व उसके पति को रायपुर बुलाया गया।
आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर बदली गई उम्र
Raipur Hospital News Today: पुलिस के मुताबिक किशोरी देखने में कम उम्र की लग रही थी जबकि उसके दस्तावेजों में उम्र 21 वर्ष दर्ज थी। संदेह होने पर पुलिस की टीम ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची और स्कूल के पुराने रिकॉर्ड खंगाले, जहां दर्ज जन्मतिथि से पुष्टि हुई कि किशोरी की वास्तविक उम्र केवल 15 वर्ष है और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तथा बदले हुए दस्तावेज तैयार कराए गए थे।
पैसों के बंटवारे पर विवाद से खुला मामला
CG Police SIT Investigation: नवजात बच्चों की खरीद बिक्री का यह पूरा मामला 15 नवंबर को उस समय उजागर हुआ जब दलालों के बीच पैसों के बंटवारे को लेकर सड़क पर झगड़ा हो गया। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपितों को आजाद चौक थाने ले गई, जहां पीड़िता भी पहुंची और उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
अस्पताल संचालक समेत सात आरोपित गिरफ्तार
Raipur News Update 2026: जांच में सामने आया कि 4 नवंबर को प्रसव के बाद जच्चा और बच्चे को गोगांव स्थित अहिल्या नामदेव के घर में रखा गया था तथा नवजात को बेचने की कोशिश चल रही थी। पुलिस ने अब तक इस प्रकरण में कुल 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अस्पताल संचालक डॉ. खीर सिंधु महानंद, नर्स कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान शामिल हैं।
आईवीएफ सेंटर आने वालों की जानकारी देती थी नर्स
पुलिस पड़ताल में यह तथ्य भी सामने आया है कि नर्स कृतिका साहू आईवीएफ सेंटर में आने वाले लोगों का विवरण और उनके संपर्क नंबर गिरोह के दूसरे सदस्यों तक पहुंचाती थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह निसंतान दंपतियों को बच्चा लेने के लिए किस तरह तैयार करती थी और दलालों से उनका संपर्क कैसे कराती थी।
अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस की अलग अलग टीमें दूसरे राज्यों में सक्रिय गिरोह के अन्य दलालों, नवजात खरीदने वाले परिवारों, आईवीएफ सेंटरों और अस्पतालों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। सभी जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की अगली कार्रवाई की जा रही है।



