CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर एप्पल स्टोर चोरी का खुलासा, दंतेवाड़ा में टीलिंग्स मलबे से नाले दबे, सरकारी विभागों पर 2500 करोड़ का बिजली बिल बकाया, बस्तर ओलंपिक में 1 लाख से अधिक पंजीयन, सरकारी राशन चावल के 72 नमूने फेल, फसल मुआवजे पर 11 दिसंबर को चक्काजाम का ऐलान, रायपुर ठगी केस में टंडन दंपती जेल में, कोरबा में 500 परिवारों की घर वापसी, बेसौली छात्रावास में भोजन की शिकायत और सक्ती में प्रशिक्षु एसआई निलंबित समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।

एप्पल स्टोर चोरी का खुलासा

राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से लगभग 2 करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में मध्यप्रदेश के देवास और बड़वानी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़वानी से करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

दंतेवाड़ा टीलिंग्स मलबे से नाले दबे

दंतेवाड़ा के लोहागांव क्षेत्र में एनएमडीसी (NMDC) के टीलिंग्स डंप का पहाड़ खिसकने से हुए नुकसान का एक सप्ताह बाद भी आकलन नहीं हो सका है। स्थानीय आदिवासियों का दावा है कि मलबे में चार प्राकृतिक नाले पूरी तरह दब गए हैं, जिससे लगभग 10 किलोमीटर के जंगल, वन्यजीवों और जलस्रोतों के अस्तित्व पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

सरकारी विभागों पर बकाया बिल

प्रदेश में प्रीपेड बिजली मीटर व्यवस्था लागू होने के बावजूद छत्तीसगढ़ के विभिन्न सरकारी विभागों पर बिजली कंपनी का 2500 करोड़ रुपये से अधिक बिल बकाया है। आंकड़ों के अनुसार बीते तीन महीनों में प्रीपेड के रूप में मात्र 3.93 करोड़ रुपये ही जमा किए गए हैं, जबकि सर्वाधिक 1600 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग पर है।

बस्तर ओलंपिक में रिकॉर्ड पंजीयन

बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण में युवाओं की भागीदारी इस वर्ष 1 लाख 4 हजार 841 पंजीयन तक पहुंच गई है। जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम सहित चार मैदानों में आयोजित जिला स्तरीय मुकाबलों में सात विकासखंडों के 2 हजार से अधिक खिलाड़ी 11 खेल विधाओं में अपना दमखम दिखा रहे हैं।

सरकारी राशन चावल के नमूने फेल

छत्तीसगढ़ में सरकारी राशन दुकानों के माध्यम से वितरित किए जाने वाले चावल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, क्योंकि केंद्र सरकार की जांच में 118 नमूनों में से 72 गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में 18 गोदामों की व्यवस्था, चावल स्टैक मिलाने और फोर्टिफाइड व नॉन-फोर्टिफाइड चावल को एक साथ रखने जैसी खामियां भी सामने आई हैं।

फसल मुआवजे पर चक्काजाम ऐलान

बस्तर में अतिवृष्टि और बाढ़ से बर्बाद हुई धान, मक्का व सब्जी की फसलों का मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने आंदोलन का ऐलान किया है। किसान संघर्ष समिति के निर्णय के अनुसार प्रति एकड़ 65 हजार 100 रुपये मुआवजे की मांग पूरी न होने पर 11 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।

रायपुर ठगी मामले में जांच

ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार दीपक टंडन और बरखा टंडन को 28 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तेलीबांधा थाने में दर्ज प्रकरणों की जांच के दौरान पुलिस को होटल और स्पा सेंटर से अहम दस्तावेज व साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

कोरबा में पांच सौ परिवार का घर वापसी

कोरबा जिले में 24 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व में धर्मांतरण कर चुके 500 परिवारों ने सनातन संस्कृति में वापसी की। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ भाजपा के उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने परिवारों का स्वागत करते हुए शहरी क्षेत्रों में हो रहे धर्मांतरण पर चिंता जताई और राज्य के धर्म स्वतंत्रता कानून की सराहना की।

छात्रावास भोजन पर छात्राओं शिकायत

बस्तर जिले के भानपुरी परियोजना अंतर्गत बेसौली छात्रावास की छात्राओं ने भरपेट भोजन न मिलने, दाल के नाम पर पानी परोसने और सामग्रियों में कटौती की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने अधीक्षिका के व्यवहार और नियमित रूप से छात्रावास में न रहने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाकर नई नियुक्ति की मांग की है।

सक्ती में प्रशिक्षु एसआई निलंबित

वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए जुए के फड़ पर छापा मारना एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक को भारी पड़ गया। कार्रवाई के दौरान भागते समय एक व्यक्ति की तालाब में कूदने से हुई मौत के बाद पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु एसआई को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच डभरा एसडीओपी को सौंपी गई है।

Also Read: CG Farmer Rain Advisory: चक्रवाती तूफान अकवान से फसलों को नुकसान की आशंका, किसानों की फसल क्षति पर मुआवजा को लेकर कृषि विभाग ने जारी की महत्वपूर्ण सलाह, जानिए पूरा नियम

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button