CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें मोहला-मानपुर में RTE घोटाले की जांच रिपोर्ट दबाई गई, गरियाबंद में दिनदहाड़े लूट का वीडियो वायरल, धमतरी में शराब विवाद पर युवक की हत्या, भानुप्रतापपुर में फर्जी SI बनकर ठगी करने वाले चार युवक गिरफ्तार, देवभोग में जिंदा पैंगोलिन के साथ तीन तस्कर पकड़े गए, बलौदाबाजार श्रम निरीक्षक निलंबित, रायगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू, बीजापुर में नया सुरक्षा कैंप खुला और भाटापारा सब्जी मंडी में भीषण आग समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
मोहला-मानपुर में फ्लॉवर वैली स्कूल पर RTE घोटाले के आरोप, जांच रिपोर्ट दबाई गई
Education Scam: मोहला-मानपुर जिले के फ्लॉवर वैली स्कूल पर शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) का दुरुपयोग करने और बिना मान्यता के स्कूल संचालन का आरोप है। जांच समिति ने दो माह पहले अपनी रिपोर्ट डीईओ को सौंप दी थी, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट में पाया गया कि स्कूल ने फर्जी बच्चों के नाम पर शासन से अनुदान राशि ली और बिना नवीनीकरण के सालों से संचालित हो रहा है। प्रशासन की चुप्पी पर अभिभावक और जनप्रतिनिधि सवाल उठा रहे हैं।
गरियाबंद में बदमाशों का आतंक, दिनदहाड़े लूट और मारपीट का वीडियो वायरल
Crime Video: गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के हथखोज गांव में चार बदमाशों ने राहगीरों से लूटपाट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया और वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों — मोती राज साहू, थनेश साहू, बादशाह खान और अशफाक कुरैशी — को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने खाने-पीने के शौक के लिए यह लूटपाट की थी। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी की है।
धमतरी में शराब विवाद के बाद युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
Murder Case: धमतरी जिले में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक मनीष मिथलेश की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी होमेश साहू और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि मामूली बहस के बाद आरोपियों ने युवक को पुल से नीचे फेंक दिया और फिर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कपड़े, गमछा और जले हुए मोबाइल सहित सबूत जब्त किए हैं।
भानुप्रतापपुर में फर्जी SI बनकर ग्रामीण से वसूले 20 हजार, चार ठग गिरफ्तार
Fake Officer: भानुप्रतापपुर में चार युवकों ने खुद को सब-इंस्पेक्टर बताकर ग्रामीण से 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित को धमकी दी गई थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसे शराब तस्करी के फर्जी केस में फंसा दिया जाएगा। पुलिस ने शिकायत के बाद साइबर टीम की मदद से आरोपियों प्रमोद उड़के, दीपक पटेल, पुष्पेंद्र शांडिल्य और ओमकार गावड़े को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीणों से इसी तरह ठगी करने की योजना बना रहे थे।
देवभोग में जिंदा पैंगोलिन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़
Wildlife Trafficking: पुलिस ने देवभोग में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करों के गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में 9 किलो जीवित पैंगोलिन और 6.13 किलो पैंगोलिन की स्केल बरामद हुई। गिरफ्तार तस्कर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जो अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बिक्री की योजना बना रहे थे। पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
बलौदाबाजार श्रम निरीक्षक निलंबित, भ्रष्टाचार और अवैध उगाही के आरोपों में कार्रवाई
Corruption Case: छत्तीसगढ़ श्रम विभाग ने बलौदाबाजार के श्रम निरीक्षक रामचरन कौशिक को अवैध वसूली के गंभीर आरोपों में निलंबित कर दिया है। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जबरन उगाही की थी। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और मुख्यालय नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, अवैध धान पर निगरानी के लिए 10 चेकपोस्ट
Paddy Procurement: रायगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। इस बार प्रशासन ने अवैध धान और अंतरराज्यीय तस्करी रोकने के लिए 10 चेकपोस्ट स्थापित किए हैं। जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि खरीदी 31 जनवरी 2026 तक चलेगी और प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की सीमा तय की गई है। कोचियों और बिचौलियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी, पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
बीजापुर में खुला नया सुरक्षा कैंप, नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की नई सुबह
Security Camp: बीजापुर जिले के भोपालपटनम और फरसेगढ़ क्षेत्र में दो नए सुरक्षा और जन-सुविधा कैंप खोले गए हैं। विपरीत मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षाबलों ने इसे सफलतापूर्वक स्थापित किया। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं मिलेंगी। अब तक जिले में 21 सुरक्षा कैंप स्थापित हो चुके हैं, जिनसे नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण और 599 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
भाटापारा सब्जी मंडी में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
Fire Accident: भाटापारा की सब्जी मंडी में सोमवार सुबह लगी भीषण आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। प्लास्टिक बास्केट और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण बताया जा रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
बिलासपुर में चरित्र संदेह पर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
Domestic Violence: बिलासपुर के ग्राम शिवतराई में पति ने चरित्र शंका के चलते पत्नी की टंगिया से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी राजेश कुमार मरावी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पत्नी नांदबाई मरावी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।



