IIT भिलाई में फर्स्ट ईयर के छात्र की संदिग्ध मौत: रातभर छात्रों ने किया हंगामा, पिता बोले- पिता बोले- कोई बीमारी नहीं थी

दुर्ग: Bhilai News: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के एक छात्र सौमिल साहू (18) की 11 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सौमिल IIT भिलाई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र था और उसने इसी साल संस्थान में दाखिला लिया था। यह घटना जेवरा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे IIT कैंपस में सौमिल साहू की तबीयत अचानक बिगड़ी। उसे तुरंत सुपेला के स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

देर रात तक छात्रों का हंगामा, प्रबंधन पर उठे सवाल

इस घटना के बाद कैंपस में देर रात छात्रों का गुस्सा भड़क गया। छात्र रात 12 बजे से लेकर 2 बजे तक कैंपस में हंगामा करते रहे और प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर आक्रोश जताया। छात्रों का कहना था कि आईआईटी प्रबंधन ने हाल ही में पाँचवाँ दीक्षांत समारोह तो मना लिया, लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कैंपस में कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। छात्रों ने आरोप लगाया कि यदि छात्र को समय पर बेहतर इलाज मिल जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।

पिता बोले- बेटा पूरी तरह स्वस्थ था, जाँच हो

मूल रूप से नर्मदापुरम की साई दर्शन सोसाइटी निवासी सौमिल साहू के पिता वीरेंद्र साहू सिक्योरिटी पेपर मील (SPM) में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन नर्मदापुरम से भिलाई पहुँचे। पिता वीरेंद्र साहू ने बताया कि दीपावली पर सौमिल घर गया था और 10 नवंबर को उसे हल्का बुखार आया था। पिता के मुताबिक, सौमिल पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की कोई शिकायत नहीं थी। उन्होंने घटना के वास्तविक कारण की गहन जाँच होने को आवश्यक बताया है।

आईआईटी मैनेजमेंट ने सामान्य मौत बताया, विवाद से इनकार

इस हादसे पर आईआईटी भिलाई प्रबंधन ने गहरा दुख जताया है। हालांकि, प्रबंधन ने इस मामले में किसी भी तरह के हादसे, विवाद या सुसाइड जैसी घटनाओं से साफ इनकार किया है और इसे सामान्य मौत बताया है। गौरतलब है कि IIT भिलाई का दीक्षांत समारोह घटना के ठीक एक दिन पहले, 10 नवंबर को ही आयोजित किया गया था। प्रबंधन ने घटना के बाद तुरंत परिजनों को सूचना दी थी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रवाना, रिपोर्ट का इंतजार

जेवरा-चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे ने बताया कि मृतक छात्र का पोस्टमॉर्टम सुपेला अस्पताल में कराया गया था, जिसके बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन शव लेकर नर्मदापुरम के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है। चौकी प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।

Also Read: रायपुर साइंस कॉलेज की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या: सुसाइड नोट में लिखी…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button