
Bhilai Pharmacy Student Case VIDEO: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर में एकतरफा प्यार में नाकाम रहने पर एक युवक ने 19 साल की फार्मेसी छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पिछले काफी समय से अलग-अलग नंबरों से फोन करके छात्रा को तंग कर रहा था। परेशान होकर जब छात्रा ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो आरोपी ने रायपुर से भिलाई पहुंचकर इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पिंटू साहू को रायपुर से हिरासत में ले लिया है और घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट भी कराया है।
नंबर ब्लॉक होने के बाद सीधे किराए के कमरे में पहुंचा आरोपी
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार मूल रूप से बलौदाबाजार का रहने वाला आरोपी पिंटू साहू शुक्रवार सुबह बेमेतरा निवासी खुशी साहू को लगातार फोन मिला रहा था। खुशी ने उसका नंबर पहले ही ब्लैक लिस्ट में डाल रखा था जिसकी वजह से संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद आरोपी ने खुशी की सहेली को फोन घुमाया जिसने कह दिया कि खुशी के पास इस वक्त मोबाइल नहीं है। इस बात से झुझलाया पिंटू अपनी बाइक उठाकर सीधे रामनगर स्थित खुशी के किराए के कमरे पर धमक गया। उस वक्त खुशी की सहेली नहाने के लिए बाथरूम में गई थी और कमरा खुला हुआ था।

बहस के बाद पहले गला दबाया फिर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
कमरे के भीतर घुसते ही आरोपी पिंटू का खुशी के साथ विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले खुशी का गला दबा दिया जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके तुरंत बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार चाकू से बेसुध पड़ी खुशी के पेट, पीठ और हाथ पर एक के बाद एक करीब 10 वार किए। इस जानलेवा हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण खुशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खूनी संघर्ष के दौरान आरोपी पिंटू के खुद के हाथ में भी गहरी चोट आई जिसके बाद वह कमरे से भाग निकला।
सहेली ने बाहर आकर देखा तो खून से लथपथ पड़ी थी छात्रा
जब मृतका की सहेली बाथरूम से बाहर आई तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत मकान मालिक और पास ही स्थित एक कैफे संचालक को मामले की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना भेजी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लथपथ हालत में छात्रा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाई और कैफे संचालक को भी पहले दे चुका था धमकी
पुलिस की जांच में यह बात भी निकलकर आई है कि खुशी ने करीब एक हफ्ते पहले अपने भाई को पिंटू की हरकतों के बारे में बताया था। उसने कहा था कि एक लड़का नए-नए नंबरों से फोन करके उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोपी ने दो दिन पहले खुशी के भाई को भी फोन पर धमकी दी थी। इतना ही नहीं पिंटू ने उस कैफे संचालक को भी डराया था जहां खुशी अपनी पढ़ाई के खर्चे के लिए पार्ट टाइम जॉब करती थी। आरोपी चाहता था कि खुशी वह नौकरी छोड़ दे और उससे शादी के लिए हां कह दे।

वारदात के लिए ऑनलाइन मंगाया था हत्या में इस्तेमाल हथियार
मृतका भिलाई के एक निजी कॉलेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी और साथ ही गृहग्राम बेमेतरा से बीए की परीक्षाएं भी दे रही थी। गुरुवार को ही उसका भाई उसे कॉलेज हॉस्टल के पास छोड़ कर गया था और अगले ही दिन यह घटना हो गई। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया है कि उसने वारदात में इस्तेमाल चाकू को कुछ दिन पहले ही एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट से ऑर्डर करके मंगाया था। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से तफ्तीश कर रही है कि हत्या की यह साजिश कब और कैसे रची गई थी।
रायपुर भाग गया था आरोपी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिंटू साहू भिलाई से सीधे रायपुर की तरफ भाग निकला था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की और शनिवार को उसे रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम उसे भिलाई के रामनगर स्थित घटना स्थल पर लेकर पहुंची जहां पूरे अपराध का दृश्य दोहराया गया ताकि कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। पुलिस इस मामले में कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



