धमतरी का आर्मी जवान रहस्यमयी तरीके से लापता: ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे सत्येंद्र, पंजाब में मिली आखिरी लोकेशन

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का एक सैन्य जवान पिछले एक महीने से लापता है जिससे परिवार गहरे सदमे में है। सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम भीतररास निवासी 30 वर्षीय सत्येंद्र शांडिल्य भारतीय सेना में पदस्थ हैं और पंजाब के जालंधर में उनकी तैनाती है। सत्येंद्र दिसंबर 2025 में छुट्टी मनाने अपने गांव आए हुए थे। 21 दिसंबर को अपनी छुट्टियां पूरी कर वे अमृतसर एक्सप्रेस से वापस ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। परिजनों को उम्मीद थी कि वे समय पर यूनिट पहुंच गए होंगे लेकिन जब वहां से फोन आया तो सबके होश उड़ गए।

अधिकारियों के फोन के बाद खुला राज

जवान के गायब होने की जानकारी तब मिली जब सेना के अधिकारियों ने उनके घर फोन कर बताया कि सत्येंद्र ने अभी तक अपनी ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। घबराए हुए परिजनों ने तुरंत सिहावा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जवान के फोन की लोकेशन ट्रेस की गई है। मोबाइल टावर के रिकॉर्ड के अनुसार सत्येंद्र की आखिरी लोकेशन पंजाब में ही दिखाई दे रही है। इसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है और उनसे संपर्क करने का कोई जरिया नहीं बचा है।

तलाश में जुटी पुलिस और सेना की टीमें

सत्येंद्र के अचानक गायब होने से गांव और विभाग में हड़कंप मच गया है। धमतरी पुलिस पंजाब पुलिस के साथ संपर्क साधकर जवान की तलाश में जुट गई है। पुलिस रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज और सत्येंद्र के कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि जालंधर पहुंचने से पहले उनके साथ क्या हुआ। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी तलाश करने की गुहार लगा रहे हैं। सेना की खुफिया इकाइयां भी अपने स्तर पर मामले की छानबीन कर रही हैं।

Also Read: धमतरी में अग्निवीर भर्ती का आगाज: युवाओं में दिखा देश सेवा का जज्बा, सांसद रूप कुमारी चौधरी ने बढ़ाया हौसला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button