
सरगुजा: Big Theft in Deputy Collector Residence: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब सरकारी अफसरों के घर भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला डिप्टी कलेक्टर भागीरथी खांडे के सरकारी आवास से जुड़ा है, जहां चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसपैठ की और कीमती सामान उड़ा ले गए। हैरानी की बात ये है कि चोर एलईडी टीवी से लेकर दाढ़ी बनाने वाला ट्रिमर और वॉशबेसिन की टोंटी तक ले उड़े।
घर था खाली, चोरों ने मौका नहीं छोड़ा
जानकारी के मुताबिक, डिप्टी कलेक्टर भागीरथी खांडे कमिश्नर ऑफिस में पदस्थ हैं और गांधी चौक स्थित एफ-2 अफसर कॉलोनी में, एसपी बंगले के सामने उनका शासकीय आवास है। 6 जून की रात करीब 11 बजे वे अपने गृह ग्राम रवाना हुए थे। उन्होंने आवास को लॉक कर दिया था। जब 11 जून को लौटे, तो देखा कि पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था, और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
क्या-क्या उड़ा ले गए चोर?
डिप्टी कलेक्टर ने पुलिस को बताया कि चोर घर से एक एलईडी टीवी, तीन पर्स, एक ट्रिमर, दो बल्ब, एक ब्लूटूथ कनेक्टेड डिवाइस और वॉशबेसिन की दो टोंटी तक ले गए हैं। चोरी की यह घटना पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
FIR दर्ज, जांच शुरू
भागीरथी खांडे ने इस घटना की शिकायत गांधीनगर थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही हैं चोरियां, पुलिस पर सवाल
अंबिकापुर में बीते कुछ हफ्तों से चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हर दिन कोई न कोई कॉलोनी चोरों के निशाने पर आ रही है। चाहे आम नागरिक हों या सरकारी अफसर — चोर सबको एक जैसा ट्रीट कर रहे हैं। सवाल ये उठता है कि जब डिप्टी कलेक्टर के घर में चोरी हो सकती है, तो आम लोगों का क्या हाल होगा?



