छत्तीसगढ़ के इस गांव में शर्मसार हो गई मानवता: शरीर पर गोबर पोत, विधवा महिला को निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के रानीझाप गांव में एक विधवा महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि वह एक शख्स के साथ अपनी नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी। इस बात से नाराज होकर प्रेमी के परिजनों ने समाज और कानून की सारी मर्यादाएं ताक पर रख दीं। आरोपियों ने महिला को सरेआम अपमानित किया और उस पर जुल्म ढाए।

तीन महीने बाद वापस गांव लौटा था जोड़ा

35 वर्षीय पीड़िता ने एक साल पहले अपने पति को खो दिया था। इसके बाद उसका गांव के ही हरि प्रसाद राठौर के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। सामाजिक दबाव के चलते दोनों करीब तीन महीने पहले घर छोड़कर मध्य प्रदेश चले गए थे। शुक्रवार को जब यह जोड़ा वापस गांव लौटा, तो विवाद की स्थिति बन गई। मामला पुलिस चौकी तक भी पहुंचा जहां महिला ने साफ तौर पर कह दिया कि वह हरि प्रसाद के साथ ही रहना चाहती है।

घर में घुसकर हमला और सरेआम बेइज्जती

शनिवार सुबह जब महिला घर पर थी, तभी हरि प्रसाद की पत्नी, भाई और अन्य परिजनों ने वहां धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर महिला को घसीटते हुए बाहर निकाला। उन्होंने प्रतिशोध में महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव की गलियों में घुमाया। इतना ही नहीं, दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने महिला के शरीर पर गोबर पोत दिया और उसे जूते-चप्पलों से पीटते हुए मंदिर तक ले गए।

कुछ ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत और बचाई जान

जब महिला अपमान और दर्द से कराह रही थी, तब गांव के ही कुछ जागरूक लोग मदद के लिए आगे आए। अमर सिंह और दशरथ विश्वकर्मा जैसे ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को रोका और महिला को उनके चंगुल से छुड़ाया। उसे तुरंत कपड़े दिए गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और उसका बयान दर्ज किया।

मुख्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

खोडरी पुलिस ने इस शर्मनाक कांड में मुख्य आरोपी सरोज राठौर, मनोज और यशोदा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून को हाथ में लेने और किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Also Read: कोरबा में इंसानियत शर्मसार: चोरी के शक में मालिक ने मज़दूरों पर बरपाया कहर, नाखून उखाड़े, करंट लगाया

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button