
कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई है। यह हंगामा तब हुआ, जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने BJYM के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के काफिले को काले झंडे दिखाए। टिकरिहा पर एक युवती से यौन शोषण का आरोप है, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे।
काफिला रुकते ही शुरू हुई झड़प और गाली-गलौज
घटना गुरुवार की है। अपनी जिम्मेदारी संभालने के बाद राहुल टिकरिहा पहली बार कवर्धा पहुंचे थे। युवा कांग्रेस ने उन पर महिलाओं को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए उनके काफिले को रोका और नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बात पर BJYM के नेता भड़क गए।
गाड़ी से उतरकर BJYM नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गालियां देनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि BJYM के नेता कार से उतरते हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगते हैं। इस दौरान वहां पुलिस बल भी मौजूद था, लेकिन मारपीट होती रही।
कांग्रेस ने कहा ‘हथियारबंद थे BJYM नेता’
मारपीट की घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाने के सामने धरने पर बैठ गए। देर रात तक थाने के बाहर हंगामा चलता रहा। कांग्रेसियों का आरोप है कि BJYM नेताओं का काफिला हथियार से लैस था।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश के गृहमंत्री के गृह जिले में हुई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। बैज ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और 1 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का भी विरोध करेगी।
देखिये वीडियो-
टिकरिहा ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
युवा कांग्रेस ने साफ किया कि वे राहुल टिकरिहा पर लगे यौन शोषण के आरोपों के खिलाफ ‘राहुल वापस जाओ’ के नारे लगाते हुए शांतिपूर्ण विरोध कर रहे थे। तभी BJYM कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया और अपशब्दों का प्रयोग किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। एसपी कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि युवक कांग्रेस की ओर से एफआईआर के लिए आवेदन मिला है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, खुद पर लगे आरोपों पर राहुल टिकरिहा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उन पर 2022 में आरोप लगा था, जब कांग्रेस की सरकार थी। उस समय उन पर 14 एफआईआर दर्ज हुईं और वे 5 बार जेल भी गए। उन्होंने कहा कि अब जब वे प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, तो कांग्रेस मुद्दाविहीन होकर फिर से मामलों को उछालकर उनका चरित्र हनन कर रही है।
BJYM अध्यक्ष राहुल टिकरिहा पर लगे दो गंभीर आरोप
BJYM प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा दो गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में हैं। पहला आरोप उनके कथित चाचा ने लगाया था, जिसमें उन्होंने राहुल के अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने की बात कही थी। दूसरा गंभीर मामला तब सामने आया जब एक लड़की ने वीडियो जारी कर राहुल टिकरिहा पर यौन शोषण का आरोप लगाया। इन्हीं आरोपों के कारण कवर्धा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया था।



