
रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिरदा स्थित जेडी फार्म हाउस में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रात के करीब 3 बजे जब पूरा शहर सो रहा था, तब इस फार्म हाउस में तेज आवाज में संगीत और हुल्लड़बाजी का दौर चल रहा था। आसपास के लोगों की शिकायत पर जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। बर्थडे पार्टी के नाम पर यहां युवक-युवतियां नशे में धुत होकर हंगामा कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत डीजे बंद कराया और मौके से 15 युवकों और 7 युवतियों को हिरासत में लिया।

बिना अनुमति परोसी जा रही थी शराब, पुलिस के सामने भी किया हंगामा
पुलिस की इस छापेमारी के दौरान पाया गया कि फार्म हाउस में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। आबकारी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बिना किसी लाइसेंस के बार जैसा माहौल तैयार किया गया था। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए रईसजादों ने पुलिस की मौजूदगी में भी जमकर हंगामा किया और बहस करने लगे। पुलिस ने हुड़दंग करने वाले वैभव पाठक, गौरव जोशी, देवेंद्र साहू समेत कुल 22 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, पार्टी का आयोजन कराने और गैरकानूनी ढंग से शराब पिलाने के आरोप में फार्म हाउस संचालक अमन दुलानी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपराध का अड्डा बन रहे शहर के बाहरी फार्म हाउस
रायपुर शहर के बाहरी इलाकों और रिंग रोड के आसपास स्थित फार्म हाउस अब जुआ, सट्टा और नशाखोरी का केंद्र बनते जा रहे हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इन सुनसान ठिकानों को किराए पर लेकर महादेव ऐप का पैनल चलाने वाले सटोरिये, कबाड़ी और नशे के सौदागर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। इससे पहले भी पिरदा और आसपास के इलाकों में हिस्ट्रीशीटरों के फार्म हाउस पर छापेमारी हो चुकी है, जहां बड़े पैमाने पर जुआ खिलवाया जाता था।
पेट्रोल-डीजल माफिया और कबाड़ियों का फैला है जाल
विधानसभा और रिंग रोड-3 के किनारे स्थित जमीनों पर केवल शराब पार्टियां ही नहीं हो रही हैं, बल्कि यहां पेट्रोल-डीजल की चोरी और कबाड़ का अवैध धंधा करने वाले माफिया भी सक्रिय हैं। कई रसूखदार लोगों ने अपनी जमीनों को ऐसे तत्वों को किराए पर दे रखा है जो वहां यार्ड बनाकर संदिग्ध काम कर रहे हैं। पुलिस अब इन सभी फार्म हाउस की सूची तैयार कर रही है ताकि आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जा सके और इन अवैध ठिकानों पर पूरी तरह से नकेल कसी जा सके।
ये हुए गिरफ्तार-
(01) देवेन्द्र साहू पिता परसराम साहू उम्र 27 साल निवासी टेकारी ।
(02) गौरव जोशी पिता दिनेश्वर जोशी उम्र 28 साल निवासी करबला पारा चौबे कालोनी आजाद चौक जिला ।
(03) वैभव पाठक पिता सियाराम पाठक उम्र 20 साल निवासी चंगोराभाठा गणपति विहार कालोनी थाना डीडी नगर।
(04) मनीष वर्मा पिता गणेश वर्मा उम्र 26 साल निवासी कुन्दरा पारा मांढर ।
(05) निखिल वर्मा पिता द्वारिका वर्मा उम्र 21 साल निवासी कुन्दरा पारा मांढर विधानसभा *
(06) जय प्रकाश महेश्वरी पिता सगुनदास महेश्वरी उम्र 19 साल निवासी भुरकोनी थाना विधानसभा ।
(07) दीपक धीवर पिता संजय धीवर उम्र 28 साल निवासी छपोरा थाना विधानसभा।
(08) विकास दास मानिकपुरी पिता विरेन्द्र दास मानिकपुरी उम्र 28 साल निवासी कुन्द्रापारा शुक्रवारी बाजार गुढियारी ।
(09) रितिक मिश्रा पिता ज्ञानेन्द्र मिश्रा उम्र 25 साल निवासी जीवन विहार तेलीबांधा।
(10) रुपेन्द्र सिंह ठाकुर पिता कुबेर सिंह ठाकुर उम्र 27 साल निवासी प्रोफेशर कालोनी सादना भवन के पास थाना पुरानी बस्ती ।
(11) तरनजीत प्रित सिंह पिता इंदर पाल सिंह उम्र 22 साल निवासी महावीर नगर थाना न्यू राजेन्द्र नगर।
(12) आलोक धर दीवान 25 साल निवासी प्रोफेसर कालोनी थाना पुरानी बस्ती जिला रायपुर।
(13) शिवम आर्या 28 साल निवासी जीवन विहार कालोनी तेलीबांधा ।
(14) हरिओम दूबे पिता लक्ष्मीकांत दूबे उम्र 26 साल निवासी जीवन विहार कालोनी तेलीबांधा।
(15) देवांश ठाकुर पिता टिकेन्द्र ठाकुर उम्र 23 साल निवासी सुंदर नगर थाना डी डी नगर ।
(16) 07 युवतियां।



