CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, हाईकोर्ट ने NH की बदहाली पर जताई नाराजगी, रायपुर में 1 करोड़ की हेरोइन जब्त, चैतन्य बघेल को नहीं मिली सुप्रीम कोर्ट से राहत, शराब की खुलेआम कालाबाजारी, बस्तर में ननों पर विवाद, राजनांदगांव में 4 करोड़ की तस्करी संपत्ति जब्त, वक्फ बोर्ड की 100 करोड़ की जमीन सरकारी, तीन तलाक का पहला केस दर्ज, कोल ब्लॉक की सफल नीलामी, जरूरी दवाओं के दाम घटे समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सख्त: बिलासपुर-रायपुर हाईवे बना जनता की मुसीबत, हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती

CG High Court: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सोमवार, 4 अगस्त को बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच ने NHAI की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई चीफ जस्टिस ने नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस जारी करते हुए कहा कि अगली सुनवाई पर कोर्ट में पेश होने के लिए उसी जर्जर सड़क मार्ग का उपयोग करें। साथ ही चेतावनी दी कि अब हर सुनवाई पर इसी तरह बुलाया जाएगा ताकि जिम्मेदारी का एहसास हो।

बस्तर में नन विवाद: मसीही समाज का उबाल, बजरंग दल नेताओं की गिरफ्तारी की मांग

Nuns Arrested Case: दुर्ग रेलवे स्टेशन पर ईसाई ननों की कथित गिरफ्तारी के मामले की आग अभी ठंडी नहीं हुई है। अब बस्तर के जगदलपुर जिले में मसीह समाज ने प्रदर्शन करते हुए बजरंग दल के दो नेताओं के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने कलेक्टर और एसपी से मिलकर चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

रायपुर में ड्रग रैकेट का भंडाफोड़: पाकिस्तान से आई 1 करोड़ की हेरोइन, 9 गिरफ्तार

Raipur Drug Trafficking: रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 412 ग्राम हेरोइन के साथ 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पंजाब का कुख्यात तस्कर लवजीत सिंह उर्फ बंटी निकला, जो पाकिस्तान से सीधे हेरोइन मंगवा रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी हाईटेक तरीकों जैसे वर्चुअल इंटरनेशनल कॉलिंग, लोकेशन शेयरिंग और म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल कर ड्रग्स की सप्लाई करता था। कमल विहार स्थित मकान से पुलिस ने ड्रग्स, मोबाइल फोन, गाड़ी, तौल मशीन और अन्य सामग्री जब्त की है। NDPS एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच जारी है।

भूपेश बघेल के बेटे को सुप्रीम कोर्ट से झटका, हाईकोर्ट जाने की सलाह

CG Liquor Scam: ईडी ने किया गिरफ्तार, 16.70 करोड़ की अवैध कमाई का आरोप छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए हाईकोर्ट का रुख करने को कहा। ईडी के अनुसार चैतन्य बघेल ने शराब घोटाले से मिली कमाई को रियल एस्टेट में निवेश किया और फर्जी दस्तावेजों के जरिए संपत्ति खड़ी की।

रायपुर में शराब की खुलेआम कालाबाजारी, पेटियों में बेच रहे शराब, जरूरतमंदों के लिए होम डिलीवरी भी

प्रदेश में एक व्यक्ति को एक बार में केवल एक बोतल शराब बेचने का नियम है, लेकिन रायपुर में शराब दुकानों के कर्मचारी ही नियम तोड़ रहे हैं। ये कर्मचारी शराब पेटियों में बेच रहे हैं और जरूरतमंदों को होम डिलीवरी की सुविधा भी दे रहे हैं। आबकारी विभाग के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं और प्रशासन अभी तक मौन है।

राजनांदगांव: गांजा तस्कर की 4 करोड़ की संपत्ति जब्त, SAFEMA कोर्ट का एक्शन

राजनांदगांव में गांजा तस्कर पुखराज चंदेल की संपत्ति SAFEMA कोर्ट, मुंबई के आदेश पर जब्त कर ली गई है। कार्रवाई NDPS एक्ट की धारा 68 के तहत हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने तस्करी से करोड़ों की संपत्ति और बैंक बैलेंस बनाया था। अब उसकी जमीन, वाहन और बैंक खातों को फ्रीज कर लिया गया है।

वक्फ संपत्ति विवाद: रायपुर में 100 करोड़ की जमीन सरकारी घोषित, वसूली करेगा निगम

रायपुर के नयापारा इलाके में 4.5 एकड़ की वक्फ संपत्ति को अब सरकारी घोषित कर दिया गया है। नगर निगम अब इस जमीन से किराया और टैक्स वसूलेगा। कोर्ट ने वक्फ बोर्ड का दावा खारिज कर दिया है। यह राज्य में पहला मौका है जब किसी वक्फ संपत्ति को कानूनी रूप से सरकारी घोषित किया गया है। केंद्र सरकार के संशोधित वक्फ अधिनियम के बाद राज्य में जांच तेज हुई है। अप्रैल 2025 में आई केंद्रीय टीम ने पाया कि 500 करोड़ से अधिक की संपत्तियों पर फर्जी कब्जे और रजिस्ट्री की गई है। अब 400 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है।

कांकेर में पहली बार तीन तलाक का आपराधिक मामला दर्ज, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

कांकेर जिले में पहली बार तीन तलाक का आपराधिक मामला सामने आया है। इरफान वारसी नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मोबाइल पर तीन बार “तलाक” कहकर रिश्ता खत्म किया और दूसरी शादी कर ली। पीड़िता ने परिजनों और मुस्लिम समाज के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

कोल ब्लॉक नीलामी: छत्तीसगढ़ को मिला ऊर्जा और राजस्व का नया स्रोत

कोयला मंत्रालय की 12वीं कोल ब्लॉक नीलामी में छत्तीसगढ़ के तीन कोल ब्लॉकों की सफल बिक्री हुई है। कोरबा और रायगढ़ के इन माइंस में करीब 1401 लाख टन कोयले का भंडार है। देवनारा माइंस TMC मिनरल रिसोर्सेज को और फुलकडीह माइंस मिवान स्टील्स को मिली हैं। इनसे हर साल 52.5 लाख टन कोयला उत्पादन की उम्मीद है। केंद्र सरकार के अनुसार इस नीलामी से सालाना करीब 720 करोड़ रुपये राजस्व आएगा।

दवाइयों पर राहत: कीमतों में 10–15% की कटौती, CM साय ने PM मोदी का जताया आभार

37 जरूरी दवाइयों के दाम 10 से 15 फीसदी तक घटा दिए गए हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह फैसला स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा— “हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, बुखार और दर्द जैसी आम लेकिन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लाखों लोगों को अब राहत मिलेगी। पैरासिटामोल, एटोरवास्टेटिन, एमोक्सिसिलिन जैसी दवाएं अब और ज्यादा सस्ती व सुलभ हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस फैसले से खासकर आदिवासी, ग्रामीण और गरीब तबके को बड़ा फायदा होगा। महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और श्रमिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा इस फैसले से मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के विस्तार, आयुष्मान भारत योजना के बेहतर क्रियान्वयन और हर स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने इसे सिर्फ दवाइयों के दाम घटाने का फैसला नहीं, बल्कि जनजीवन को सशक्त बनाने की पहल बताया।

Also Read: Jabarra Eco Tourism: धमतरी का जबर्रा: ईको टूरिज्म का अनोखा मॉडल, देश-विदेश से खिंचे चले आते हैं सैलानी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button