
Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित सीपत एनटीपीसी प्लांट से बुधवार को एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। यहां यूनिट-5 में चल रहे एनुअल मेंटेनेंस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में पांच मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
मेंटेनेंस के दौरान टूटा प्लेटफॉर्म, नीचे गिरे मजदूर
NTPC Accident CG: प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी प्लांट की यूनिट-5 में मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान प्री-एयर हीटर प्लेटफॉर्म अचानक टूटकर गिर गया। उस वक्त वहां काम कर रहे मजदूर असंतुलित होकर नीचे गिर पड़े। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन मजदूरों का इलाज एनटीपीसी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल भेजा गया।

श्याम साहू की मौत, बाकी की हालत भी गंभीर
Bilaspur News: इस हादसे में गंभीर रूप से घायल एक मजदूर श्याम साहू, जो सीपत के पोड़ी इलाके का रहने वाला था, उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी चार मजदूरों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। हादसे ने मजदूरों के परिवार और पूरे इलाके में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
लापरवाही या तकनीकी खामी? जांच में जुटा प्रशासन
हादसे की वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन मेंटेनेंस के दौरान हुई संभावित लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मजदूर संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि हर साल एनुअल मेंटेनेंस होता है, फिर भी इस तरह की घटना होना साफ संकेत है कि सुरक्षा के मानकों को गंभीरता से नहीं लिया गया।

NTPC प्रबंधन खामोश, आधिकारिक बयान का इंतज़ार
हादसे को कई घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही यह स्पष्ट किया गया है कि हादसे में कुल कितने मजदूर घायल हुए और कितने की हालत गंभीर बनी हुई है। इस चुप्पी को लेकर मजदूर संगठनों में काफी रोष है। उन्होंने एनटीपीसी से जवाब और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



