कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया 11 अक्टूबर को होने वाली सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित आदेश

CG Assistant Teacher Exam Postponed: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा (LSAT26) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) ने 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित लिखित भर्ती परीक्षा को आधिकारिक रूप से स्थगित कर दिया है। व्यापमं ने यह कदम छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए स्थगन आदेश के पालन में उठाया है। इस संबंध में चयन मंडल ने आदेश पत्र जारी कर सभी संबंधित जिला प्रशासन और नोडल अधिकारियों को प्रक्रिया तुरंत रोकने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद व्यापमं ने लिया परीक्षा रोकने का फैसला

CG Vyapam Big Breaking: कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक, राज्य के प्राथमिक स्कूलों में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों को भरने के लिए 11 अक्टूबर को प्रदेश भर में लिखित परीक्षा आयोजित की जानी थी। हालांकि, बिलासपुर हाई कोर्ट में दायर याचिका (WPS No. 6783/2026) पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की डिवीजन बेंच ने 9 अक्टूबर को भर्ती परीक्षा पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। अदालत के इस फैसले का सम्मान करते हुए व्यापमं ने तय समय पर परीक्षा आयोजित न करने का निर्णय लिया है।

गोपनीय सामग्री वितरण की बैठक रद्द, नोडल अधिकारियों को पत्र जारी

Chhattisgarh Shikshak Bharti Update: परीक्षा आयोजन के लिए 10 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में गोपनीय सामग्री के वितरण की प्रक्रिया पूरी की जानी थी। व्यापमं ने इस बैठक और वितरण प्रक्रिया को भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। व्यापमं की ओर से सभी जिलों के कलेक्टरों और नोडल अधिकारियों को पत्र भेजकर परीक्षा से संबंधित सभी प्रशासनिक व सुरक्षा तैयारियों को रोकने के लिए कह दिया गया है।

25 अक्टूबर की शिक्षक भर्ती परीक्षा पर भी बने अनिश्चितता के बादल

CG Vyapam Big Breaking: हाई कोर्ट द्वारा दिए गए स्थगन आदेश के बाद अब 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित शिक्षक भर्ती परीक्षा के आयोजन को लेकर भी संशय की स्थिति बन गई है। याचिका में दिव्यांग आरक्षण रोस्टर और पूर्ण दृष्टिबाधित उम्मीदवारों को बाहर रखे जाने की शर्तों को चुनौती दी गई है। जब तक राज्य सरकार अदालत में अपना विस्तृत जवाब दाखिल नहीं करती और हाई कोर्ट से अगला निर्देश नहीं मिलता, तब तक पूरी भर्ती प्रक्रिया थमी रहेगी।

अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर, भ्रामक खबरों से बचें

CG Teacher Recruitment Exam Stayed: परीक्षा अचानक स्थगित होने से दूर-दराज के जिलों से परीक्षा केंद्रों तक जाने की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं को झटका लगा है। व्यापमं और स्कूल शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। परीक्षा की नई तिथियों और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी के लिए व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले निर्देशों का ही पालन करें।

Also Read: छत्तीसगढ़ में व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानें विषयवार पद, यहां करें आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button