Dhamtari Crime: धमतरी में एक ही दिन में दो हत्याएं, बुजुर्ग की लूट के दौरान हत्या और युवक ने नानी को उतारा मौत के घाट

धमतरी: Dhamtari Crime: जिले में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को धमतरी में दो अलग-अलग वारदातों ने पूरे इलाके को हिला दिया। एक तरफ अर्जुनी थाना क्षेत्र के भानपुरी गांव में नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग की हत्या कर लाखों के जेवर और नकदी लूट लिए, वहीं दूसरी घटना में बठेना वार्ड में एक युवक ने अपनी नानी की हत्या कर दी और मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग की हत्या कर लूटा घर

Dhamtari News: भानपुरी गांव में रहने वाले 70 वर्षीय कृतराम साहू अपनी पत्नी के साथ घर में थे। रात करीब 2 बजे तीन नकाबपोश बदमाश पीछे के दरवाजे से घर में घुसे और दंपत्ति को बंधक बना लिया। उन्होंने नगद और जेवर की मांग की, लेकिन विरोध करने पर लुटेरों ने धारदार हथियार से कृतराम साहू पर हमला कर दिया।

मृतक कृतराम साहू

Bhanpuri Murder Case: हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश घर से सोने-चांदी के गहने और नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की खबर लगते ही अर्जुनी पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

बठेना वार्ड में युवक ने नानी की हत्या, मां गंभीर

दूसरी वारदात धमतरी शहर के बठेना वार्ड में हुई। यहां 21 वर्षीय युवक ने सोमवार रात अपनी मां और नानी पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में 62 वर्षीय लखन्तिन ध्रुव की मौत हो गई, जबकि बेटी पूर्णिमा ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

पुलिस अलर्ट पर, इलाके में दहशत का माहौल

एक ही दिन में दो हत्याओं से धमतरी में दहशत फैल गई है। भानपुरी में लूट के साथ हत्या और शहर में घरेलू विवाद से हुई वारदात ने लोगों को दहला दिया। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Also Read: सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत, पत्नी को लेने जा रहा था ससुराल नवागांव हाई स्कूल के पास हुआ हादसा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button