CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी की जांच, बस्तर दशहरा में परंपरा पर विवाद, बाघों की संख्या दोगुनी होने से सफलता, कांकेर में भालू के हमले से दहशत, मितानिनों की हड़ताल 32 दिन बाद खत्म, गरियाबंद पुलिस ने 300 चाकू किए जब्त, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के बेटे से 58 लाख की ठगी, SDG जिला प्रगति रिपोर्ट जारी, बस्तर बाढ़ पीड़ितों का विस्थापन होगा और GST सुधारों से व्यापारियों को राहत समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी की जांच : बलौदाबाजार के सभी आवेदन खारिज, धमतरी के 22 शिक्षकों की शिकायत सही पाई गई
Teacher Rationalization Issue: रायपुर संभागीय कमिश्नर महादेव कावरे की अध्यक्षता में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई हुई। बलौदाबाजार जिले से आए 22 आवेदनों में से एक भी आवेदन सही नहीं पाया गया, सभी को खारिज कर दिया गया। वहीं धमतरी जिले से आए 81 आवेदनों में से 22 सही पाए गए, 50 अमान्य रहे और 9 को परीक्षण में रखा गया। खास बात यह रही कि सभी मान्य आवेदन महिला शिक्षिकाओं के थे। कावरे ने कहा कि सही पाए गए मामलों की जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद जिलों की सुनवाई अभी शेष है।
बस्तर दशहरा में विवाद : रथ के लिए लकड़ी काटने पहुंचे ग्रामीणों से डिप्टी रेंजर की बदसलूकी, आक्रोशित लोगों ने तहसील कार्यालय का किया घेराव
Bastar Dussehra Row: विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव के रथ निर्माण के लिए कुरंदी जंगल से लकड़ी काटने गए ग्रामीणों के साथ डिप्टी रेंजर डीपी पांडे ने बदसलूकी की। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी ने उन्हें गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया, जबकि यह परंपरा स्थानीय वन समिति की सहमति से निभाई जाती है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जगदलपुर तहसील कार्यालय का घेराव किया और आरोपी अफसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार ने कहा कि मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है और डिप्टी रेंजर को तलब किया गया है।
तीन साल में दोगुनी हुई बाघों की संख्या : 17 से बढ़कर 35 पहुंचे शेर, सीएम बोले- वन्यजीव संरक्षण हमारी प्राथमिकता
CG Tiger Censusछत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या तीन साल में दोगुनी हो गई है। वर्ष 2022 में जहां केवल 17 बाघ थे, वहीं अप्रैल 2025 के सर्वे में यह संख्या 35 हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य वन्यजीव कल्याण बोर्ड की बैठक में यह आंकड़ा सामने आया। सीएम ने कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। बैठक में उपाध्यक्ष एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने भी कहा कि बाघों के साथ अन्य वन्य प्राणियों के संरक्षण और रहवास सुधार पर काम हो रहा है, जिससे राज्य में पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जंगल में लकड़ी लेने गई महिला पर भालू और शावकों का हमला, गंभीर रूप से घायल, इलाके में दहशत
Bear Attack: कांकेर जिले के बकरकट्टा जंगल में लकड़ी लेने गई 40 वर्षीय महिला सुरजौतीन बाई पर भालू और उसके दो शावकों ने हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर, हाथ और पैरों में गहरे जख्म आए। ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए भालू को खदेड़ा और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे छुईखदान रेफर किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अक्सर भालू गांवों में घुस आते हैं, लेकिन वन विभाग केवल कागजों में गश्त दिखाता है।
मितानिनों की हड़ताल खत्म : वेतन में 50% वृद्धि को मंजूरी, 32 दिन बाद आंदोलन स्थगित
Mitanin Strike Ends: 32 दिनों से जारी मितानिन संघ की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी प्रमुख मांगों को मान लिया है। मितानिनों के वेतन में 50% की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। साथ ही प्रशिक्षक, ब्लॉक समन्वयक और हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर के मानदेय को भी NHM के जरिए भुगतान करने का निर्णय लिया गया है। मितानिन संघ अध्यक्ष सरोज सिंह सेंगर ने कहा कि यह जीत सभी साथियों के संघर्ष का नतीजा है।
गरियाबंद पुलिस का अभियान : ऑनलाइन मंगाए गए 300 चाकू जब्त, हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों पर शिकंजा
Knife Crackdown: गरियाबंद पुलिस ने धारदार हथियारों के बढ़ते चलन और सोशल मीडिया पर इनके प्रदर्शन को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीदे गए 300 चाकू जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि कई युवक इनका शौकिया इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कुछ मामलों में इनका दुरुपयोग अपराधों में भी हो रहा है। ऐसे युवाओं पर कार्रवाई की जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के पुत्र से 58 लाख की ठगी : बैंक खाते से तीन बार में रकम उड़ाई गई, FIR दर्ज
Bank Fraud: छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल के पुत्र नितिन अग्रवाल के खाते से शातिर ठगों ने 58 लाख रुपये उड़ा दिए। फेडरल बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए रकम अन्य खातों में ट्रांसफर की गई। घटना 8 सितंबर को हुई और पीड़ित ने आजाद चौक थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।
राज्य नीति आयोग ने जारी की जिला प्रगति रिपोर्ट 2024 : सीएम बोले- सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध
SDG Progress Report: नवा रायपुर में आयोजित कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “SDG राज्य एवं जिला प्रगति रिपोर्ट 2024” जारी की। रिपोर्ट में बताया गया कि राज्य का कंपोजिट स्कोर 69 से बढ़कर 70 हो गया है। 28 जिले फ्रंट रनर और धमतरी अचीवर श्रेणी में शामिल हुए। सीएम ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ऊर्जा और पोषण जैसे क्षेत्रों में राज्य ने प्रगति की है। नीति आयोग के उपाध्यक्ष अमिताभ जैन ने कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ सतत विकास लक्ष्यों में देश के अन्य राज्यों के लिए आदर्श बनकर उभरेगा।
बस्तर में बाढ़ प्रभावित होंगे विस्थापित : 100 से अधिक परिवारों को 25 एकड़ भूमि मिलेगी
Flood Rehabilitation: बस्तर जिले के मांदर गांव में 26 अगस्त को आई बाढ़ से भारी तबाही हुई। कई मकान ढह गए और ग्रामीण अब भी दहशत में हैं। प्रशासन ने फैसला किया है कि नाले के किनारे बसे 100 से अधिक परिवारों को विस्थापित कर गांव के ही एक छोर पर 25 एकड़ भूमि आवंटित की जाएगी। कलेक्टर हरीश एस ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर बसाया जाएगा और जल्द ही सर्वे पूरा कर विस्थापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
व्यावसायिक संघों ने जीएसटी सुधारों के लिए सीएम का जताया आभार : कारोबारियों और आमजन को मिलेगा लाभ
GST Reform: नवा रायपुर में विभिन्न व्यापारिक संघों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर GST सुधारों के लिए धन्यवाद दिया। सीएम ने कहा कि GST ने व्यापार में पारदर्शिता और कर संग्रह में बढ़ोतरी की है। हालिया सुधारों से न केवल कारोबारियों को लाभ मिलेगा बल्कि आमजन को भी राहत मिलेगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सुधारों से छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे।



