CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बीजापुर में 25 नक्सलियों का ऐतिहासिक सरेंडर, 14 करोड़ की बरामदगी कोरबा में 583 लोगों की धर्म वापसी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला- घर में प्रार्थना की आजादी महासमुंद में 4.61 करोड़ का गांजा जब्त जग्गी केस में अमित जोगी को जमानत कांग्रेस अकाउंटेंट से EOW पूछताछ दुर्ग में साइबर ठगी गिरोह पकड़ा प्रॉपर्टी टैक्स डेडलाइन 30 अप्रैल तक बढ़ी अवैध स्कूलों पर सख्ती, आज से टोल पर कैश बंद, UPI महंगा समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
बीजापुर: नक्सलियों का ऐतिहासिक सरेंडर, 14 करोड़ का सोना-कैश बरामद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी मिली है। ‘पूना मारगेम’ पहल से प्रभावित होकर 25 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में 12 महिलाएं और कई बड़े इनामी नक्सली शामिल हैं, जिन पर कुल 1.47 करोड़ रुपये का इनाम था। इस कार्रवाई की सबसे खास बात रही नक्सलियों के पास से हुई रिकॉर्ड बरामदगी। पुलिस ने 14.06 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है, जिसमें 7 किलो से ज्यादा सोना और करीब 3 करोड़ रुपये नकद शामिल हैं। साथ ही 93 घातक हथियार भी सौंपे गए हैं।
कोरबा में घर वापसी: 583 लोगों ने अपनाया सनातन धर्म
ऊर्जा नगरी कोरबा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के दौरान बड़ा घटनाक्रम हुआ। दिव्य दरबार के चौथे दिन 583 लोगों ने हिंदू धर्म में वापसी की, जिनमें एक मुस्लिम परिवार भी शामिल है। बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर धीरेंद्र शास्त्री ने इस मौके पर कहा कि वे हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे। दरबार में करीब 2 लाख लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कथित ‘प्रेत बाधा’ निवारण का सत्र भी चला, जहां कई लोग झूमते और अजीब व्यवहार करते नजर आए।
हाईकोर्ट का फैसला: घर में प्रार्थना करने से नहीं रोक सकता प्रशासन
बिलासपुर हाईकोर्ट ने धार्मिक आजादी को लेकर एक बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति अपने निजी निवास पर प्रार्थना सभा आयोजित कर सकता है। प्रशासन या कोई अन्य पक्ष सामान्य तौर पर इस पर रोक नहीं लगा सकता। हालांकि, कोर्ट ने यह शर्त भी जोड़ी है कि इन आयोजनों से ध्वनि प्रदूषण नहीं होना चाहिए और न ही कानून-व्यवस्था बिगड़नी चाहिए। अगर नियमों का उल्लंघन होता है, तभी कार्रवाई की जा सकेगी।
महासमुंद में नशे पर प्रहार: 5 ठिकानों पर छापा, करोड़ों का गांजा जब्त
महासमुंद पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक की है। मात्र 10 घंटे के भीतर 5 अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 685 किलो गांजा और नशीली गोलियां बरामद की गईं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 4.61 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 13 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इन तस्करों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
जग्गी हत्याकांड: अमित जोगी को मिली जमानत, अप्रैल में अंतिम फैसला
जोगी कांग्रेस के अध्यक्ष अमित जोगी को रायपुर की निचली अदालत से बड़ी राहत मिली है। चर्चित जग्गी हत्याकांड मामले में उन्हें 50-50 हजार रुपये के बॉन्ड पर जमानत दे दी गई है। हालांकि, उनकी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। इस मामले की अंतिम सुनवाई अप्रैल में हाईकोर्ट में होनी है। हाईकोर्ट का फैसला ही तय करेगा कि अमित जोगी जेल जाएंगे या उनकी राजनीतिक पारी बेदाग जारी रहेगी।
कांग्रेस अकाउंटेंट से पूछताछ: आबकारी घोटाले में EOW की रडार पर पार्टी फंड
रायपुर में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अकाउंटेंट शिशुपाल साहू को पूछताछ के लिए बुलाया। मामला कथित आबकारी घोटाले और पार्टी फंड में हुए लेन-देन से जुड़ा है। अधिकारियों ने पिछले तीन सालों के बैंक खातों का ब्योरा मांगा है। इस मामले में फरार चल रहे पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच टीम ने दफ्तर से कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।
दुर्ग में सायबर ठगी का भंडाफोड़: किराए पर अकाउंट देने वाले 10 गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस ने सायबर ठगी के पैसों का लेन-देन करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। ये लोग ‘म्यूल अकाउंट’ का इस्तेमाल कर रहे थे। ये ऐसे बैंक खाते होते हैं जिन्हें लोग लालच में आकर ठगों को किराए पर दे देते हैं। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खातों में मौजूद 83 लाख रुपये से ज्यादा की राशि फ्रीज कर दी है। इन खातों का इस्तेमाल देशभर में ठगी के पैसे घुमाने के लिए किया जा रहा था।
प्रॉपर्टी टैक्स भरने की तारीख बढ़ी, 1 मई से लगेगा भारी जुर्माना
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के संपत्ति करदाताओं को राहत देते हुए टैक्स जमा करने की डेडलाइन 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है। रायपुर नगर निगम समेत कई निकाय अपना राजस्व लक्ष्य पूरा नहीं कर पाए थे, जिसके चलते यह फैसला लिया गया। अगर कोई 30 अप्रैल तक टैक्स नहीं भरता है, तो 1 मई से उसे 17 प्रतिशत का अतिरिक्त सरचार्ज देना होगा। कर्मचारी अब घर-घर जाकर वसूली करेंगे।
बिना बिल्डिंग वाले निजी स्कूलों पर नकेल, 2 दिन में मांगी रिपोर्ट
प्रदेश में बिना उचित भवन और मैदान के चल रहे प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। हाईकोर्ट की फटकार के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिया है कि वे 2 अप्रैल तक ऐसे स्कूलों की सूची सौंपें। कई स्कूल घरों या दुकानों में चल रहे हैं, जिन्हें अब बंद किया जा सकता है। उन अफसरों पर भी कार्रवाई की तैयारी है जिन्होंने इन स्कूलों को गलत तरीके से मान्यता दी थी।
टोल नाकों पर नया नियम: कल से कैश पेमेंट बंद, UPI पर लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज
आज से रायपुर-बिलासपुर और रायपुर-दुर्ग जैसे रूटों पर सफर महंगा और अलग होने वाला है। NHAI ने सभी 26 टोल प्लाजा को पूरी तरह कैशलेस करने का आदेश दिया है। अब नकद भुगतान स्वीकार नहीं होगा। अगर गाड़ी में फास्टैग नहीं है और आप UPI से पेमेंट करते हैं, तो आपको 25 प्रतिशत तक ज्यादा शुल्क देना पड़ सकता है। साथ ही फास्टैग न होने पर दोगुना टैक्स भी वसूला जाएगा। नए वित्तीय वर्ष में फास्टैग खरीदना भी ₹75 महंगा हो गया है।



