
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ के लोगों को लगातार हो रही बारिश से अब राहत मिलने की उम्मीद है। 14 सितंबर से प्रदेश भर में मानसून की गतिविधियों में सुस्ती आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई है। चालू मानसून सीजन में अब तक हुई कुल बारिश सामान्य के करीब दर्ज की गई है, जो औसत आंकड़े से मात्र 4 फीसदी कम है।
राजधानी रायपुर में 32 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
Today Raipur Weather Update: मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, राजधानी में 14 सितंबर को बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। बारिश की तीव्रता कम होने के कारण तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 30.9 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बस्तर संभाग के कई इलाकों में दर्ज की गई भारी बारिश
CG Today Weather News: पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के जिलों में बादलों ने जमकर तबाही मचाई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बड़े बचेली और कोंटा में सबसे ज्यादा 8-8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण में 7 सेमी और सुकमा में 6 सेमी पानी बरसा। इसके अलावा फरसगांव, कुटरू और साल्हेवार में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा जैसे क्षेत्रों में भी 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

अगले 24 घंटों में सीमित स्थानों पर होगी हल्की वर्षा
Chhattisgarh Monsoon Alert: मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में भारी बारिश का कोई बड़ा तंत्र सक्रिय नहीं है। राज्य के केवल कुछ स्थानों पर ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं। डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, दंतेवाड़ा, अंबागढ़ चौकी और बीजापुर समेत कई अन्य मैदानी और पहाड़ी इलाकों में 3-3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दो से तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से ऐसा ही बना रहेगा।



