CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें नर्सिंग में 53% सीटें खाली रहने से बढ़ा एडमिशन संकट और INC से पर्सेंटाइल खत्म करने की मांग तेज; कांकेर में एक्सपायरी दवाइयाँ जलाने से 8 छात्राएं बीमार; PLGA वीक से पहले बस्तर में हाई अलर्ट और नक्सलियों द्वारा 320 मौतों की पहली स्वीकृति; मैत्रीबाग में सफेद बाघिन ‘जया’ की संदिग्ध मौत; कांकेर के 17 आदिवासी परिवारों द्वारा SIR व सरकारी योजनाओं का सामूहिक बहिष्कार; बीजापुर में शराब दुकान हटाने छात्रों का आंदोलित विरोध; SIR ड्यूटी के चलते स्कूली छमाही परीक्षा टलने के संकेत; सूरजपुर में बिना अनुमति बच्चों को पिकनिक ले जाने पर प्राचार्य हटाए गए; मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना में 13 नगर निगमों के लिए 429 करोड़ की मंजूरी; और 13 दिसंबर को बस्तर ओलंपिक समापन समारोह में शामिल होंगे अमित शाह समेत पढ़ें CG की सभी प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
छत्तीसगढ़ नर्सिंग सीट संकट: 53% सीटें खाली, INC से पर्सेंटाइल खत्म करने की मांग तेज
Admission Crisis: छत्तीसगढ़ में इस बार बीएससी नर्सिंग की आधे से अधिक सीटें खाली रह गई हैं। कुल 7811 सीटों में से 4147 सीटें यानी लगभग 53% अभी तक नहीं भर पाई हैं। दिवाली पर काउंसलिंग शुरू होने और पर्सेंटाइल बाध्यता जैसी वजहों को इस संकट का मुख्य कारण बताया जा रहा है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल के नियमों के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए 50 पर्सेंटाइल और आरक्षित वर्ग के लिए 40 पर्सेंटाइल अनिवार्य है, जिसे पूरा कर पाना आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए मुश्किल हो रहा है। इसी कारण हजारों योग्य छात्र प्रवेश से वंचित रह गए। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त ने INC को पत्र लिखकर दो बड़ी मांगें की हैं पहला, इस सत्र के लिए पर्सेंटाइल शून्य किया जाए; दूसरा, प्रवेश तिथि 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ाई जाए। इससे हजारों छात्रों को मौका मिल सकता है। निजी नर्सिंग कॉलेजों ने बताया कि हर साल सीटें लगभग पूरी भर जाती हैं, परंतु इस बार दिवाली के कारण कई छात्र आवेदन ही नहीं कर पाए। अब सारी उम्मीदें INC के अगले फैसले पर टिकी हैं।
कांकेर में एक्सपायरी दवाइयाँ जलाने से बढ़ा हड़कंप, 8 छात्राएं अस्पताल में भर्ती
कांकेर जिले के पखांजुर में स्कूल के पास एक्सपायरी दवाइयां जलाने से जहरीला धुआं फैल गया, जिससे 8 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उपस्वास्थ्य केंद्र के आरएसओ ने स्कूल से बिल्कुल पास दवाइयों में आग लगा दी। उठे धुएं ने कक्षाओं को भर दिया, जिससे बच्चियों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और घबराहट होने लगी। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि बच्चियों की हालत सामान्य है और सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। अभिभावकों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया और कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन अब इस घटना की जांच कर रहा है।
PLGA वीक से पहले बस्तर में सुरक्षा कड़ी, नक्सलियों ने पहली बार स्वीकारा 320 मौतों का नुकसान
Security Alert: नक्सलियों द्वारा 2–8 दिसंबर तक PLGA Week मनाने के ऐलान के बाद बस्तर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। भारत बंद की चेतावनी के बाद गश्त और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं। इस बार नक्सल संगठन ने अपनी बुकलेट में स्वीकार किया है कि पिछले 11 महीनों में 320 सदस्य मारे गए यह पहली बार है जब संगठन ने इतना बड़ा नुकसान सार्वजनिक रूप से माना है। बस्तर रेंज IG ने बताया कि किसी भी खतरे को रोकने के लिए सभी जवानों को ट्रिगर मोड में रखा गया है और अंदरूनी इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
मैत्रीबाग में सफेद बाघिन ‘जया’ की संदिग्ध मौत, विशेषज्ञों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
भिलाई के मैत्रीबाग जू में 10 वर्षीय सफेद बाघिन जया मृत पाई गई। सुबह की गश्त के दौरान कर्मचारियों ने उसे निष्क्रिय देखा और तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। डीएफओ की मौजूदगी में विशेषज्ञ टीम ने पोस्टमार्टम किया। शुरुआती जांच में मौत का कारण पेट में गंभीर संक्रमण माना जा रहा है। मैत्रीबाग देश के प्रमुख सफेद बाघ संरक्षण केंद्रों में से एक है। जया, रायपुर जंगल सफारी से लाई गई थी और यह बाघों के कुनबे की महत्वपूर्ण सदस्य थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद वन विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। बाघिन की मौत से मैत्रीबाग में अब सफेद बाघों की संख्या घटकर 5 रह गई है।
कांकेर में 17 आदिवासी परिवारों ने SIR और सरकारी योजनाओं का किया बहिष्कार, प्रशासन अलर्ट
कांकेर जिले में 17 आदिवासी परिवारों ने SIR फॉर्म से लेकर सभी सरकारी योजनाओं का सामूहिक बहिष्कार कर दिया है। वे न तो पीएम आवास ले रहे हैं और न ही सरकारी राशन। अधिकारियों के कई दौर के संवाद के बाद भी परिवार बातचीत के लिए तैयार नहीं हैं। कुछ परिवार अभिभावकों तक को जानकारी देना नहीं चाहते। कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार और बीएलओ की टीम गांव भेजने का निर्देश दिया है, ताकि परिवारों को समझा सकें और कारणों की जानकारी मिल सके।
बीजापुर में शराब दुकान से परेशान छात्र-छात्राओं ने SDM को सौंपा ज्ञापन, हटाने की मांग तेज
बीजापुर में कॉलेज के रास्ते पर स्थित शराब दुकान से परेशान छात्रों ने आज SDM कार्यालय पहुंचकर दुकान हटाने की मांग की। आरोप है कि शराबी छात्रों को रोककर परेशान करते हैं। छात्राओं ने बताया कि छुट्टी के समय राह चलना तक मुश्किल हो जाता है। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। 2019 में भी इसी दुकान को हटाने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान न मिला तो आंदोलन उग्र होगा।
छत्तीसगढ़ में स्कूली छात्रों की छमाही परीक्षा टल सकती है, शिक्षकों की SIR ड्यूटी बनी वजह
सरकारी स्कूलों में छमाही परीक्षा की तारीख आगे बढ़ सकती है। SIR ड्यूटी के कारण कई स्कूलों में मुख्य विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षकों का कहना है कि कोर्स पूरा है, पर ड्यूटी के चलते परीक्षा संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। अब परीक्षा जनवरी में होने की संभावना बढ़ गई है।
बिना अनुमति बच्चों को पिकनिक ले जाना शिक्षकों को भारी, DEO की कार्रवाई, प्राचार्य हटाए गए
सूरजपुर जिले में आत्मानंद स्कूल के शिक्षकों ने बिना अनुमति दर्जनभर बच्चों को पिकनिक ले गए, जिसके बाद DEO ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को हटाया। अभिभावकों ने इसे गंभीर सुरक्षा लापरवाही बताया। DEO ने मामले में रिपोर्ट तलब की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से बदलेंगे शहर, 13 नगर निगमों के लिए 429 करोड़ की मंजूरी
CG Urban Development: छत्तीसगढ़ सरकार ने शहरों की आधुनिक अधोसंरचना के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना लागू की है। पहले चरण में 13 नगर निगमों में 26 कार्यों के लिए 429.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। योजना के तहत सड़कों का निर्माण, फ्लाईओवर, अंडरपास, सर्विस-लेन और अन्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ के शहरों की सूरत बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अमित शाह फिर आएंगे छत्तीसगढ़: 13 दिसंबर को बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में होंगे शामिल
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक बार फिर छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश के खेल मंत्री अरुण साव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शाह 13 दिसंबर को जगदलपुर पहुँचेंगे, जहाँ वह बस्तर संभाग में 11 दिसंबर से शुरू हो रहे बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन में लगभग 3,500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें नक्सल पीड़ित और पुनर्वासित नक्सली भी प्रतिभागी के रूप में शामिल होंगे, जिससे बस्तर में सामाजिक एकता और मुख्यधारा से जोड़ने का मजबूत संदेश दिया जाएगा।
Also Read: छत्तीसगढ़ में SIR पर मचा घमासान, भूपेश बघेल बोले जिन बूथों पर 100 फीसदी काम उनकी सूची जारी करें



