CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें निलंबित शिक्षक ने खुद की बहाली का जारी कर दिया आदेश, CGMSC घोटाले में 3500 पन्नों का चालान, रायपुर नगर निगम में 100 करोड़ का खेल, शराब घोटाले में AP त्रिपाठी पर CBI का शिकंजा, नकली गोल्ड फ्लैक का भंडाफोड़, बालको हादसे के गवाह को होटल में छिपाने की साजिश, ढेर नक्सली रूपी को ‘हिडमा सांग’ के साथ विदाई, कट्टे के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार और RTE प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने की मांग तेज समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

निलंबित शिक्षक ने खुद की बहाली का जारी कर दिया आदेश

दुर्ग जिले में एक निलंबित शिक्षक ने ई-मेल के जरिए खुद की बहाली का फर्जी आदेश जारी कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके लिए बकायदा सामान्य प्रशासन विभाग के लेटरहेड का दुरुपयोग करते हुए दस्तावेज तैयार किया और उसे उच्च अधिकारियों को भेज दिया। जिससे कुछ समय के लिए शिक्षा विभाग में भ्रम की स्थिति बन गई। बाद में इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद अब अधिकारी कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रहे है शिक्षक के निलंबन के प्रकरण में नया मोड़ 7 अप्रैल 2026 को आया। जब ई-मेल के माध्यम से शिक्षक की बहाली का आदेश सामने आया। आदेश में दावा किया गया कि विभागीय जांच के बाद निलंबन समाप्त कर दिया गया है और शिक्षक को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सुपेला में पदस्थ किया गया है। आदेश देखने में पूरी तरह आधिकारिक लग रहा था। जिससे विभाग में असमंजस की स्थिति बन गई। लेकिन ये पूरा मामला तब उजागर हुआ जब अधिकारियों को आदेश की भाषा और शब्दावली संदिग्ध लगी।

सीजीएमएससी घोटाला: 550 करोड़ की हेराफेरी में 3500 पन्नों का चालान

छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) में हुए करोड़ों के घोटाले में एसीबी और ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने कोर्ट में चार आरोपियों के खिलाफ 3500 पन्नों का पूरक चालान पेश किया है। आरोप है कि ‘हमर लैब’ योजना के लिए मेडिकल उपकरण और केमिकल खरीदने में फर्जीवाड़ा किया गया। आरोपियों ने एमआरपी से तीन गुना अधिक कीमतों पर सामान सप्लाई कर सरकार को 550 करोड़ रुपये का चूना लगाया। फिलहाल अभिषेक कौशल, राकेश जैन, प्रिंस कोचर और कुंजल शर्मा जेल में हैं। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों के खिलाफ चालान पेश किया जा चुका है।

बिलासपुर में नकली सिगरेट का भंडाफोड़: 5 लाख का माल जब्त

बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में नामी ब्रांड ‘गोल्ड फ्लैक’ की नकली सिगरेट बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली से आई आईटीसी कंपनी की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया और महाराणा प्रताप चौक के पास दबिश दी। वहां रोशन चंदानी की दुकान से भारी मात्रा में नकली सिगरेट बरामद हुई। जांच में पता चला कि सिगरेट की पैकिंग और स्वाद असली से बिल्कुल अलग था। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये का माल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रायपुर नगर निगम में 100 करोड़ का कथित घोटाला

राजधानी रायपुर के नगर निगम में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और मार्ग संरचना अप्रूवल के नाम पर बड़े खेल का खुलासा हुआ है। आरोप है कि करीब 70 खसरा नंबरों की फाइलें गायब कर दी गई हैं ताकि अवैध कॉलोनियों को कागजों पर वैध किया जा सके। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इसे अधिकारियों और बिल्डरों की मिलीभगत से हुआ एक सिस्टेमेटिक घोटाला बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम कमिश्नर विश्वदीप ने जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि फाइलों को कमिश्नर की मंजूरी के बिना ही सीधे आगे बढ़ा दिया गया था।

नक्सली कमांडर रूपी का अंतिम संस्कार: सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

कांकेर मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली कमांडर रूपी का तेलंगाना के मेडक जिले में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान अंतिम विदाई के वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। वीडियो में कुछ लोग लाल झंडे लेकर नाचते और विवादित गीत गाते दिख रहे हैं। रूपी बस्तर इलाके में सक्रिय अंतिम कुछ तेलुगु नक्सली कैडरों में से एक थी और उस पर भारी इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों ने 13 अप्रैल को एक खुफिया सूचना के आधार पर हुई मुठभेड़ में उसे मार गिराया था।

बालको चिमनी हादसा: गवाह को होटल में छिपाने की साजिश नाकाम

साल 2009 के चर्चित बालको चिमनी हादसे में एक नया मोड़ आया है। पुलिस ने कोरबा के एक होटल में दबिश देकर एक महत्वपूर्ण गवाह को आरोपी पक्ष के व्यक्ति के साथ पकड़ा है। आरोप है कि जीडीसीएल कंपनी के लोग गवाहों को डरा-धमकाकर या लालच देकर बयान बदलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने होटल ग्रैंड गोविंदा से गवाह पृथ्वीनाथ सिंह और आरोपी सगामसेट्टी व्यंकटेश को हिरासत में लिया है। इस हादसे में 40 मजदूरों की मौत हुई थी और मामला अभी बिलासपुर हाई कोर्ट के निर्देश पर तेजी से सुना जा रहा है।

रायपुर में देसी कट्टे के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

रायपुर की गुढ़ियारी पुलिस ने एक बड़ी वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए हिस्ट्रीशीटर रोहित उइके उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गोंदवारा अंडर ब्रिज के पास हथियार लेकर घूम रहा है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस मिले। रोहित के खिलाफ पहले से ही चोरी और मारपीट जैसे 12 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वह हथियार कहां से लाया था और उसका निशाना कौन था।

शराब घोटाला: पूर्व अफसर एपी त्रिपाठी और उनकी पत्नी पर सीबीआई की FIR

छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में सीबीआई ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी और उनकी पत्नी मंजूला त्रिपाठी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई की दिल्ली ब्रांच ने यह एफआईआर दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि त्रिपाठी की संपत्ति उनकी घोषित आय से कई गुना ज्यादा बढ़ गई है। एजेंसी अब उनके बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।

रायपुर में RTE प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने की मांग तेज

रायपुर में RTE प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने की मांग को लेकर प्राइवेट स्कूलों का आंदोलन तेज हो गया है। 17 अप्रैल को शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे, जबकि 18 अप्रैल को सभी निजी स्कूल बंद रहेंगे। स्कूल एसोसिएशन ने असहयोग आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने बड़ा निर्णय लेते हुए 18 अप्रैल को सभी निजी स्कूल बंद रखने का ऐलान किया है। इस दिन प्रदेशभर के प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह ठप रहेगी। स्कूल संचालकों का कहना है कि यह कदम सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सरकार और कंपनी ने की मुआवजे की घोषणा

सक्ती हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा प्रधानमंत्री राहत कोष से भी सहायता राशि दी जाएगी। वहीं दूसरी ओर वेदांता प्रबंधन ने भी अपनी ओर से मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये की मदद और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का भरोसा दिलाया है। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी कंपनी ही उठाएगी।

Also Read: Vedanta Power Plant Accident FIR: वेदांता पावर प्लांट हादसा: चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों पर FIR, 20 मौतों के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button