CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बेमेतरा में घूसखोर हेड कांस्टेबल अरेस्ट, कवर्धा धान घोटाला, रायपुर में पीएम किसान फर्जीवाड़ा और नकटी में भारी तनाव; बस्तर में खुले धान पर संकट के बीच प्रदेश में शुरू होगी क्राफ्ट बीयर, नारायणपुर से भारी मात्रा में हथियार-कैश बरामद, देश में सबसे ज्यादा पेड़ कटाई में छत्तीसगढ़ आगे, कमर्शियल एलपीजी से बैन हटा और यूसीसी पर छिड़ा सियासी घमासान समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे

Table of Contents

बेमेतरा: 15 हजार की घूस लेते हेड कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार, थाने में मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के थान खम्हरिया थाने में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने यहाँ तैनात प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी पुलिसकर्मी एक निजी काम के बदले काफी समय से पैसों की मांग कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने पैसे पकड़े, टीम ने उसे दबोच लिया। इस कार्रवाई से पूरे थाने में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस मामले में विभाग के किसी अन्य बड़े अधिकारी की संलिप्तता तो नहीं है। साजा विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, इससे पहले एक पटवारी भी घूस लेते पकड़ा गया था।

छत्तीसगढ़ में यूसीसी पर सियासी रार: अमरजीत भगत ने घेरा, भाजपा ने दिया सुरक्षा का भरोसा

प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करने की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता अमरजीत भगत ने इसे सरकार का सत्ता बचाने का प्रपंच बताया है। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और जंगलों में रहने वाले आदिवासियों को इसके बारे में जानकारी तक नहीं है। इस पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार ने एक समिति बनाई है जो हर वर्ग से चर्चा कर रही है। वहीं भाजपा नेता केदार गुप्ता ने साफ किया कि यूसीसी लागू होने के बाद भी आदिवासी समाज की परंपराएं पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी। इसके साथ ही दोनों दलों के बीच किसानों को खाद-बीज की किल्लत और पार्टी के प्रशिक्षण शिविरों को लेकर भी जमकर जुबानी तीर चले।

कवर्धा धान घोटाला: तीन केंद्रों पर FIR, 81 लाख से ज्यादा के गबन में 6 आरोपी नामजद

कबीरधाम (कवर्धा) जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के तीन धान उपार्जन केंद्रों में औचक निरीक्षण के दौरान लाखों रुपये के फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की संयुक्त टीम ने पाया कि बासिझोरी, बिरनपुर और सहसपुर लोहारा केंद्रों से कुल 2,441 क्विंटल धान और करीब 22 हजार खाली बारदाने गायब हैं। इससे शासन को 81 लाख 19 हजार रुपये से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हुआ है। जांच में सामने आया कि समिति प्रबंधक गंगादास मानिकपुरी ने कंप्यूटर ऑपरेटरों और फड़ प्रभारियों के साथ मिलकर इस हेरफेर को अंजाम दिया। तौल पत्रकों पर केवल किसानों के दस्तखत कराए गए थे ताकि मामला खुलने पर उन्हें फंसाया जा सके। फिलहाल प्रबंधक समेत 6 लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई से हटा प्रतिबंध, थोक खरीद 50 फीसदी तक बहाल

केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पर लगे सभी प्रतिबंधों को पूरी तरह हटा दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, थोक एलपीजी की खरीद को मध्य-पूर्व संकट से पहले के स्तर का 50 प्रतिशत तक बहाल कर दिया गया है। यह फैसला होर्मुज स्ट्रेट से मालवाहक जहाजों का आवागमन दोबारा शुरू होने के बाद लिया गया है। ईरान संकट के कारण पहले थोक आपूर्ति रोक दी गई थी, जिसे अब सामान्य कर दिया गया है। इस कदम से देश के कमर्शियल और इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

पेड़ काटने की मंजूरी में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल, तीन साल में कटे 28 लाख से ज्यादा वृक्ष

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2023 से मई 2026 के बीच देश में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 28 लाख से अधिक पेड़ काटने की अनुमति दी गई। वन भूमि डायवर्जन के तहत सबसे ज्यादा पेड़ खनन, पनबिजली और ट्रांसमिशन लाइनों के लिए काटे गए। इस मामले में छत्तीसगढ़ पूरे देश में शीर्ष पर रहा। सरगुजा संभाग की ‘केते एक्सटेंशन ओपनकास्ट कोल माइनिंग’ परियोजना के लिए अकेले 4 लाख से अधिक पेड़ काटने की मंजूरी दी गई, जिसका स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, पेड़ कटाई से वन्यजीवों के आवास और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँचने की आशंका है।

बस्तर में खुले में पड़ा 34 हजार टन धान, बारिश से 100 करोड़ की फसल पर खतरा

बस्तर संभाग के धान उपार्जन केंद्रों में अभी भी 34,231 मीट्रिक टन धान खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है। मानसून के दस्तक देने के कारण अब 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की इस फसल के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। दंतेवाड़ा जिले में तो उठाव का काम पूरा हो चुका है, लेकिन कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में परिवहन कछुआ गति से चल रहा है। सबसे ज्यादा 14 हजार टन से अधिक धान कांकेर में लंबित है। धान के भीगने से वजन घटने और गुणवत्ता खराब होने का डर है, जिससे सहकारी समितियों पर आर्थिक नुकसान की भरपाई का भारी दबाव बन गया है।

नारायणपुर के जंगलों से भारी मात्रा में हथियार और 24 लाख रुपये नकद बरामद

नारायणपुर जिले के टेकला और टोयामेटा के जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़े ठिकाने को ध्वस्त किया है। ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को इंसास, एसएलआर, .303 रायफल, बीजीएल लॉन्चर और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस व डेटोनेटर मिले हैं। वहीं दूसरी कार्रवाई में छोटेडोंगर क्षेत्र के टोयामेटा जंगल से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस का अनुमान है कि इस रकम का इस्तेमाल नक्सली गतिविधियों को संचालित करने के लिए किया जाना था। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।

रायपुर में पीएम किसान योजना में फर्जीवाड़ा, मृतकों और अपात्रों के खातों में जा रही थी राशि

रायपुर जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच के बाद अब तक 1,750 अपात्र लोगों के नाम पोर्टल से हटा दिए गए हैं, जिससे इस बार की 23वीं किस्त में 35 लाख रुपये की बचत हुई है। खुलासा हुआ है कि जिले में योजना की शुरुआत से अब तक 2,239 किसानों की मौत हो चुकी है, लेकिन उनके परिजनों ने इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी और मृत लोगों के खातों में राशि ट्रांसफर होती रही। इसके अलावा सरकारी नौकरी करने वाले, टैक्स भरने वाले और एक ही परिवार के कई सदस्य भी गलत तरीके से लाभ ले रहे थे। विभाग अब 4,822 संयुक्त बैंक खातों और 11 हजार अन्य संदिग्धों की जांच कर रहा है।

रायपुर के नकटी गांव में भारी तनाव, मकान खाली कराने पहुँची पुलिस से भिड़े ग्रामीण

राजधानी रायपुर के नकटी गांव में शुक्रवार को उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई जब प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ एक दर्जन से अधिक मकानों को जमींदोज करने पहुँची। ग्रामीणों ने गांव की सीमा पर ही प्रशासनिक अमले को रोक दिया और दोनों पक्षों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई। प्रशासन ने ग्रामीणों को 48 घंटे के भीतर घर खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि रसूखदारों और भूमाफियाओं के लिए विधायक कॉलोनी बनाने की खातिर उनके पुश्तैनी घरों को उजाड़ा जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि जिन मकानों को अब चारागाह की जमीन पर अवैध बताकर तोड़ने की तैयारी है, उन्हें सरकार ने ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फंड देकर बनवाया था। इस कार्रवाई से 1300 की आबादी वाले पूरे गांव के बेघर होने का संकट मंडरा रहा है।

छत्तीसगढ़ में भी मिलेगी क्राफ्ट बीयर: सरकार ने दी माइक्रो ब्रुअरी को मंजूरी, सालाना फीस 10 लाख रुपये

छत्तीसगढ़ के बीयर शौकीनों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश में माइक्रो ब्रुअरी (लघु शराब भट्टी) खोलने की अनुमति दे दी है, जिसके बाद अब लोगों को अलग-अलग फ्लेवर वाली फ्रेश और क्राफ्ट बीयर का स्वाद मिल सकेगा। आबकारी विभाग ने इसके लिए नए नियम और शर्तें तय कर दी हैं। सरकार का मानना है कि इस फैसले से राज्य में पर्यटन और होटल-रेस्टोरेंट कारोबार को रफ्तार मिलेगी, साथ ही राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। ताजा और खास फ्लेवर में मिलेगी बीयर क्राफ्ट बीयर आम फैक्ट्रियों में बनने वाली बीयर से काफी अलग होती है। इसे छोटे स्तर पर उच्च गुणवत्ता वाले माल्ट, हॉप्स और प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जाता है। ताजा होने के कारण इसका स्वाद और क्वालिटी बेहतर होती है। देश में बेंगलुरु को ‘क्राफ्ट बीयर कैपिटल’ कहा जाता है। इसके अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा और हरियाणा जैसे राज्यों में यह चलन पहले से ही काफी लोकप्रिय है।

Also Read: Dantewada Potacabin Teacher Recruitment: दंतेवाड़ा के पोटाकेबिन स्कूलों में शिक्षक बनने का सुनहरा मौका, 7 जुलाई से पहले फटाफट करें अप्लाई!

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button