
धमतरी में नगर निगम डीजल घोटाले को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस भवन से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता सिटी कोतवाली पहुंचे और थाने के प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर निगम में कथित डीजल चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। कांग्रेसियों का आरोप है कि लाखों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है और जिम्मेदारों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रमाण के साथ पहुंचे कांग्रेसी, बोले – यह सिर्फ शुरुआत है
युवा कांग्रेस के जिला महासचिव गीत राम सिन्हा ने कहा कि हमारे पास पुख्ता दस्तावेज हैं, जिससे यह साबित होता है कि नगर निगम में डीजल चोरी हो रही है। एक गाड़ी CG 05 AH 5794, जो पिछले चार महीने से गैरेज में बंद है, उसके नाम पर लगातार डीजल डलवाया जा रहा है। वहीं कुछ पर्चियों में नंबर CG 05 AL 5794 दर्ज है, जो एक पल्सर बाइक का है। यानी ‘H’ की जगह ‘L’ डालकर नया खेल किया गया।

बाइक में डल गया डीजल, मालिक बोला- मुझे कुछ नहीं पता
जिस नंबर को हेराफेरी कर पर्ची में दर्ज किया गया, वह नंबर पल्सर बाइक का निकला, जो नगरी के बेलरबहरा गांव के एक शिक्षक की है। जब उनसे संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका नगर निगम से कोई लेना-देना नहीं है और उन्होंने कभी कोई डीजल नहीं डलवाया। सवाल ये कि बाइक में डीज़ल कैसे और क्यों डाला गया?
FIR नहीं तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
एनएसयूआई प्रदेश महासचिव गौतम वाधवानी ने कहा कि जनता के टैक्स से खरीदे गए डीजल को लूटा जा रहा है। अगर भ्रष्टाचार को उजागर करना अपराध है, तो हमें सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लेना चाहिए। कांग्रेस ने पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया है—अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन होगा।
कौन-कौन रहा प्रदर्शन में शामिल
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष आकाश गोलछा, पार्षद सुमन मेश्राम, पूर्व पार्षद कमलेश सोनकर, हितेश गंगवीर, सोमेश मेश्राम, अविनाश मोरेठे, रजत सोनकर, सूरज पासवान, देवेंद्र देवांगन, फैजान, रिजवान समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर निगम डीजल घोटाले में दस्तावेज सामने हैं, सवालों की झड़ी है और कांग्रेस सड़कों पर उतर चुकी है। अब देखना ये है कि पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज करती है या नहीं, और अगर करती है तो आखिर ‘H और L’ के इस खेल में कौन-कौन फंसता है?
Also Read: Dhamtari Crime News: धमतरी में बाइक से कट मारा, टोका तो चाकू मार दिया! युवक गंभीर, रायपुर रेफर



