
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता से लगातार बारिश का दौर बना हुआ है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्ज की गई। इस बीच रायपुर में एक ही दिन के भीतर अधिकतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 31 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज भी रायपुर समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म तो पेंड्रा रोड में दिखी ठंडक
CG Weather Alert: पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बादलों के बीच धूप निकलने से कुछ शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बौछारें पड़ने का अनुमान
Raipur Weather Today: राजधानी रायपुर में आज 5 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ हिस्सों में एक से दो बार तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का आकलन है कि राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राजिम में 6 सेमी बारिश, आसपास के इलाकों में भी बरसा पानी
CG Today Weather News: बीते दिन राजधानी रायपुर और उसके समीपवर्ती क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश राजिम में दर्ज हुई। इसके अलावा गोबरा नवापारा और कुरूद में 5-5 सेंटीमीटर पानी गिरा। भखारा, अभनपुर, मगरलोड, रायपुर शहर, पाटन और लाभांडीह में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं दरिमा में 3 सेंटीमीटर जबकि धमतरी, माना एयरपोर्ट, मंदिर हसौद, आरंग और छुरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

उत्तरी मध्य प्रदेश के ऊपर बने सिस्टम से मिल रही नमी
IMD Weather Alert CG: मौसम प्रणाली की जानकारी देते हुए वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य भाग और उससे लगे दक्षिणी उत्तर प्रदेश पर एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। यह मौसमी तंत्र अगले दो दिनों तक इसी क्षेत्र में लगभग स्थिर रहने की संभावना है, जिसके असर से छत्तीसगढ़ में नमी का आगमन जारी रहेगा और बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।



