जिला अस्पताल में दो बच्चों की माँओं का नसबंदी के दौरान मौत: एक ने सुबह ही दिया था बच्चे को जन्म, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

दुर्ग: Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जिला चिकित्सालय में नसबंदी कराने आईं दो महिलाओं की मौत हो गई है। दोनों ही मृतक महिलाएँ दो-दो बच्चों की माँ थीं, जिनमें से एक महिला ने घटना वाले दिन सुबह ही सिजेरियन डिलीवरी के जरिए एक बच्चे को जन्म दिया था। इस घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही (Medical Negligence) का आरोप लगाया है, जबकि डॉक्टरों का कहना है कि दोनों की मौत इंजेक्शन रिएक्शन के कारण हो सकती है।

ऑपरेशन के बाद पूजा यादव को लगे झटके

Durg Sterilization Case: पहला मामला बजरंग नगर की 28 वर्षीय पूजा यादव का है। दो बच्चों की माँ पूजा यादव शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे परिवार नियोजन के तहत नसबंदी करवाने के लिए अस्पताल पहुँची थीं। पति विकास यादव ने बताया कि ऑपरेशन के बाद शाम करीब 4 बजे पूजा को झटके आने लगे और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। पति ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी पत्नी की जान गई है।

सिजेरियन डिलीवरी के बाद किरण यादव की मौत

दूसरा मामला सिकोला भांठा निवासी 26 वर्षीय किरण यादव का है। किरण यादव ने शनिवार सुबह ही सिजेरियन डिलीवरी के जरिए एक बच्चे को जन्म दिया था। शाम को उन्होंने नसबंदी करवाई और कुछ ही समय बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि किरण पूरी तरह से स्वस्थ थीं, लेकिन इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनट बाद उन्हें झटके आने लगे और उनकी मौत हो गई।

अस्पताल प्रशासन ने इंजेक्शन रिएक्शन की आशंका जताई

दुर्ग जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि दोनों ही मामलों में नसबंदी के दौरान लगाए गए इंजेक्शन से महिलाओं की तबीयत बिगड़ी। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉ. मिंज ने कहा कि प्रारंभिक जाँच में यह सामने आया है कि मौत इंजेक्शन के रिएक्शन से हो सकती है। स्थिति स्पष्ट करने के लिए इंजेक्शन के सैंपल लेकर जाँच के लिए भेजे गए हैं। मामले की जाँच की जा रही है।

Also Read: छत्तीसगढ़ में दो दवाओं के उपयोग पर अस्थायी रोक: CGMSC ने गुणवत्ता और साइड इफेक्ट के कारण लिया फैसला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button