
CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
सुकमा IED ब्लास्ट: शहीद ASP को श्रद्धांजलि देने CM पहुंचे घर, घायल जवानों से मिले अस्पताल में
Sukma IED Blast: सुकमा के कोंटा में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया, जिसमें ASP आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में शहीद के घर जाकर पुष्पचक्र अर्पित किया और परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। CM ने कहा कि आकाश राव का बलिदान हमें हमेशा प्रेरित करेगा। CM ने अपने प्रस्तावित राजनांदगांव दौरे को टाल दिया और मंत्रालय में हाईलेवल मीटिंग कर नक्सली हमले की समीक्षा की। घायल जवानों के इलाज के लिए तत्काल सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षकों का ‘पोल खोल आंदोलन’: 33 जिलों में विरोध, युक्तियुक्तकरण को लेकर बवाल
CG Teachers Yuktikaran Protest: छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में शिक्षक साझा मंच ने युक्तियुक्तकरण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि भ्रष्टाचार और धांधली करके हजारों शिक्षकों की संख्या घटा दी गई है। स्कूलों को बंद किया गया और शिक्षा की गुणवत्ता खतरे में डाल दी गई है। शिक्षकों ने दोषी अफसरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए रैली निकाली और कहा कि ये पूरा सिस्टम बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।
उद्यमिता की ट्रेनिंग: दंतेवाड़ा के 50 युवा पहुंचे IIM, CM ने की हौसला अफजाई
IIM Raipur Chintan Shivir: IIM रायपुर में दंतेवाड़ा के 50 युवाओं को उद्यमिता की ट्रेनिंग दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपनी काबिलियत का सही उपयोग कर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन हर तरह की सहायता देगा। CM बोले कि जब कोई युवा अपने सपनों को हकीकत बनाता है, तो वो दूसरों के लिए रास्ता खोलता है।
फर्जी डिप्टी कलेक्टर पकड़ा गया: ड्राइवर-स्टेनो के साथ कलेक्टरेट में कर रहा था ‘इंस्पेक्शन’
Fake Deputy Collector CG: कवर्धा में एक युवक खुद को डिप्टी कलेक्टर बताकर कलेक्टरेट में निरीक्षण करने पहुंच गया। शक होने पर स्टाफ ने पुलिस को खबर दी। आरोपी शम्मी ठाकुर दुर्ग का रहने वाला है और उसके पास से फर्जी ID भी मिली है। पुलिस अब उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।
2621 बीएड सहायक शिक्षकों के लिए समायोजन प्रक्रिया शुरू, 17 जून से खुलेगी काउंसिलिंग
CG Teacher Counselling: राज्य सरकार ने 2621 बर्खास्त बीएडधारी सहायक शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 17 से 26 जून तक रायपुर के SCERT परिसर में काउंसिलिंग होगी। चयनित अभ्यर्थियों को वहीं नियुक्ति पत्र मिलेगा। दस्तावेज़ों का सत्यापन 25 जून से होगा।
राजिम में पत्रकारों पर हमला: रेत माफियाओं की गुंडागर्दी, धरने पर बैठे मीडियाकर्मी
Rajim Journalist Attack: राजिम में अवैध रेत खनन की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को माफियाओं ने दौड़ाकर पीटा। पत्रकार धरने पर बैठ गए हैं और खनिज अधिकारी पर मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं। दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, बाकियों की तलाश जारी है।
अंबेडकर प्रतिमा पर मिट्टी पोतने से बवाल: भीम आर्मी-कांग्रेस ने किया हंगामा
Ambedkar Statue Vandalism: रायगढ़ के अंबेडकर चौक में बाबा साहेब की प्रतिमा पर किसी अज्ञात ने मिट्टी पोत दी। इसके बाद भीम आर्मी, कांग्रेस और सर्व समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। CCTV खंगाले जा रहे हैं।
नागलोक कहे जाने वाले जशपुर: 14 मौतों के बाद बनेगा स्नैक पार्क, सांपों से डर नहीं अब जानकारी मिलेगी
Snake Park Jashpur: जशपुर के तपकरा और फरसाबहार इलाके को ‘नागलोक’ कहा जाता है। यहां 40 से ज्यादा प्रजातियों के सांप मिलते हैं। इस साल अब तक 525 सर्पदंश के केस और 14 मौतें हो चुकी हैं। CM ने यहां स्नैक पार्क बनाने का ऐलान किया है। स्नैक पार्क में जागरूकता, रिसर्च और बचाव की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि लोगों की जान बच सके। क्योंकि अब भी कई लोग इलाज की बजाय झाड़-फूंक में भरोसा करते हैं।
छत्तीसगढ़ में कोरोना के 6 नए मरीज मिले, एक्टिव केस 44
Today Corona Cases in CG: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना के मामले सामने आए हैं। आज 6 नए मरीज मिले, जिससे कुल एक्टिव केस 44 हो गए हैं। राहत की बात ये है कि ज़्यादातर मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
नशीली दवाइयों पर कार्रवाई: 2920 मेडिकल स्टोर्स की जांच, 25 का लाइसेंस रद्द
Narcotics Drug Raid CG: राज्यभर में चल रही मुहिम के तहत औषधि विभाग और पुलिस ने 2920 मेडिकल स्टोर्स की जांच की। 25 मेडिकल दुकानों का लाइसेंस रद्द कर दिया गया। नारकोटिक दवाओं के गलत तरीके से इस्तेमाल को रोकने के लिए यह सख्त कार्रवाई की गई है।



