
बीजापुर: Naxalite Commander Madvi Hidma: देश के मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा का शव आंध्र प्रदेश से सुकमा जिले में उसके गृहग्राम पूवर्ती लाया गया है। शव को गुरुवार सुबह आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के जंगलों से लाकर पूवर्ती स्थित CRPF कैम्प में रखा गया है। थोड़ी देर बाद शव को उसके परिवार वालों को सौंपा जाएगा। मंगलवार को आंध्र प्रदेश के मारेडुमिली जंगल क्षेत्र में हुए एक मुठभेड़ में हिड़मा अपनी पत्नी राजे उर्फ रजक्का समेत 6 साथियों के साथ मारा गया था।
बस्तर आईजी बोले- नक्सली विरोधी अभियान में निर्णायक साबित हुआ आज का दिन
Bijapur News: सुकमा जिले की सीमा से लगे आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू ज़िले के मारेडुमिली क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने हिड़मा को उसकी पत्नी के साथ मार गिराया। इस सफलता के साथ ही बस्तर में दशकों से दहशतगर्दी फ़ैलाने वाले एक खूंखार चेहरे का अंत हो गया है। बस्तर आईजी ने जानकारी देते हुए बताया कि नक्सली विरोधी अभियान में आज का दिन एक निर्णायक साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आंध्रा- छत्तीसगढ़ सीमा पर हुए मुठभेड़ में आंध्र प्रदेश के सुरक्षाबलों ने माड़वी हिड़मा को मार गिराया है।

ताड़मेटला जैसे बड़े नक्सली वारदातों का था मास्टरमाइंड
माड़वी हिड़मा ताड़मेटला सहित कई बड़े नक्सली वारदातों का मास्टरमाइंड था। बस्तर आईजी ने बताया था कि सुरक्षाबलों ने हिड़मा से मुख्यधारा में लौटने की लगातार अपील की थी। हिड़मा ने अपनी मां की अपील को भी नहीं सुना, जिसके कारण वह अब मारा गया। हिड़मा के मारे जाने को नक्सलियों की रीढ़ की हड्डी टूटने जैसा माना जा रहा है, जिससे बस्तर में नक्सली गतिविधियाँ कमजोर पड़ेंगी।

शेष नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील
बस्तर आईजी ने हिड़मा के अंत के बाद शेष बचे नक्सलियों से एक बार फिर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल विरोधी अभियान सख्ती के साथ जारी रहेगा, लेकिन जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, उनके लिए सरकार की पुनर्वास योजनाएं खुली हैं। हिड़मा का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता और नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार है।
Also Read: पुलिस ग्राउंड में साइकिल चला रही नाबालिग से आरक्षक ने की छेड़छाड़: विरोध करने पर पकड़ा हाथ, फिर…



