
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से बादल छंटने के चलते धूप निकल रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते तीन दिनों से रायपुर का पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिसके कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। आगामी दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
प्रदेश के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में दर्ज हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में सबसे ज्यादा 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर, जबकि सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरास में भी 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
मानसून द्रोणिका के प्रभाव से बनी हुई है नमी
Today Weather Update: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने कम दबाव के क्षेत्र से होकर छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों तक फैली हुई है। इस सिनोप्टिक सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ के वायुमंडल में लगातार नमी आ रही है। यही वजह है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रह-रहकर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, उमस से राहत की उम्मीद कम
Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। सोमवार की सुबह धूप खिलने के साथ हवा में हल्की ठंडक महसूस की गई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने की संभावना है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे उमस बनी रहेगी।
सरगुजा और आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
CG Today Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में तेज बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में तेज रफ्तार हवाएं चलने और भारी बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों में जोखिम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
बिलासपुर और कोरबा समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
CG Today Weather News: उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अन्य इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और मुंगेली समेत आसपास के क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली से बचाव के लिए खुले मैदानों और बड़े पेड़ों के नीचे न रुकने की हिदायत दी है।



