
CG IAS Transfer 2025: छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 जून 2025 को रिटायर हो रहे हैं। उनके बाद राज्य को नया मुख्य सचिव मिलेगा, जिसे लेकर रायपुर से दिल्ली तक उच्च स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। इसके साथ ही मंत्रालय में कुछ सीनियर अफसरों की अदला-बदली की संभावना भी जताई जा रही है।
मुख्य सचिव की रेस में पिंगुआ, सुब्रत साहू और अमित अग्रवाल सबसे आगे
मुख्य सचिव पद की दौड़ में फिलहाल तीन वरिष्ठ IAS अधिकारी सबसे प्रबल माने जा रहे हैं – सुब्रत साहू (1992), अमित अग्रवाल (1993) और मनोज पिंगुआ (1994)। अमित अग्रवाल फिलहाल केंद्र में प्रतिनियुक्त हैं, जबकि पिंगुआ हाल ही में दिल्ली जाकर पीएमओ से मुलाकात कर चुके हैं। यदि केंद्र से वापसी नहीं होती, तो साहू और पिंगुआ आमने-सामने हो सकते हैं। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, अगर किसी जूनियर को नियुक्त किया गया, तो कुछ वरिष्ठ अफसरों की मंत्रालय से विदाई तय मानी जा रही है।
छत्तीसगढ़ गठन के बाद यह 13वीं मुख्य सचिव की नियुक्ति होगी। मौजूदा सीएस अमिताभ जैन दिसंबर 2020 से पद पर हैं और अब सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नए सीएस की नियुक्ति न केवल प्रशासनिक दिशा तय करेगी, बल्कि राजनीतिक संकेत भी दे सकती है।



