
बीजापुर: Bijapur IED Blast: छत्तीसगढ़ के कोर नक्सल क्षेत्र बीजापुर में माओवादियों का असली और निर्मम चेहरा एक बार फिर सामने आया है। मद्देड़ थाना क्षेत्र के बंदेपारा जंगल में माओवादियों द्वारा आईईडी (IED) लगाया जा रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में उनकी एक महिला साथी गुज्जा सोढ़ी गंभीर रूप से घायल हो गईं, लेकिन अन्य नक्सली साथी उसका हथियार लेकर उसे जंगल में ही घायल अवस्था में छोड़कर भाग गए। यह घटना माओवादियों की कायरतापूर्ण सोच और आंतरिक विफलता का प्रमाण है।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने किया रेस्क्यू
Bijapur Naxal Attack: घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने मद्देड़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मद्देड़ पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायल महिला माओवादी गुज्जा सोढ़ी को जंगल से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल बीजापुर पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

घायल महिला माओवादी की पहचान
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घायल माओवादी गुज्जा सोढ़ी पिछले 6-7 वर्षों से सक्रिय थी। वह मद्देड़ एरिया कमेटी में एसीएम कन्ना बुच्चना के साथ पार्टी सदस्य के रूप में काम कर रही थी और संगठन में अपने साथ 12 बोर का हथियार लेकर चलती थी। बीजापुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इस पूरी घटना की पुष्टि की है। सुरक्षा बलों ने बताया कि जहाँ एक ओर नक्सली निर्दयता दिखाते हुए अपने ही साथी को तड़पने के लिए छोड़ गए, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए उसका जीवन बचाने का प्रयास किया। पुलिस फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही है।



