
Bilaspur News: बिलासपुर के बहतराई स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। कार्यक्रम शुरू होते ही मंच व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आ गया, जिससे आयोजन की गरिमा कुछ समय के लिए प्रभावित हो गई।
मंच पर जगह न मिलने से नाराज हुए अमर अग्रवाल
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा विधायक अमर अग्रवाल को VVIP मंच पर बैठने की जगह नहीं मिली। इसे लेकर उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। विधायक ने मंच से ही कलेक्टर संजय अग्रवाल पर आपत्ति जताई और व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को करना पड़ा हस्तक्षेप
विवाद बढ़ता देख कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीच-बचाव किया। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली और विधायक अमर अग्रवाल को फ्रंट रो में स्थान दिया गया। इसके बाद कार्यक्रम दोबारा सामान्य रूप से आगे बढ़ सका।
क्यों आयोजित किया गया राज्य युवा महोत्सव
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से यह आयोजन राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 की तैयारी के तहत किया जा रहा है। इसका मकसद छत्तीसगढ़ के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को पहचान कर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।
देखिये वीडियो-
14 विधाओं में दिखेगा युवाओं का हुनर
महोत्सव में कुल 14 विधाओं में प्रतियोगिताएं हो रही हैं। इनमें आठ दलीय और छह एकल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। दलीय वर्ग में लोकनृत्य, पंथी, राउत नाचा, सुआ, करमा, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी रखे गए हैं। वहीं एकल वर्ग में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, विज्ञान मेला और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।



