
CGPSC And Teacher Recruitment Protest Bilaspur: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा पर लगी रोक तथा सीजीपीएससी-2025 की चयन प्रक्रिया को लेकर प्रतियोगी युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार की रात बिलासपुर के ऐतिहासिक गांधी चौक पर बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्रों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने परीक्षा प्रक्रिया में हो रही लंबी देरी पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल स्पष्टता और समाधान की मांग की।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद अटकी शिक्षक भर्ती और आरक्षण का पेंच
CG Teacher Exam Stay Protest: राज्य में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर चल रहा आरक्षण विवाद हाईकोर्ट तक पहुंचने के बाद पूरी भर्ती प्रक्रिया पर कानूनी रोक लग गई है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि दिव्यांग उम्मीदवारों और विशेष तौर पर पूर्ण दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ और आवेदन का अवसर देने से जुड़ा यह विवाद समय रहते सुलझाया जाना चाहिए था। युवाओं का तर्क है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण आज हजारों योग्य उम्मीदवारों को अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
देखें वीडियो-
CGPSC-2025 की चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्पष्टता की मांग
CGPSC 2025 Exam Controversy Bilaspur: कैंडल मार्च के दौरान सिर्फ शिक्षक भर्ती ही नहीं बल्कि सीजीपीएससी-2025 की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर भी गहरा असंतोष जाहिर किया गया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा तिथियों और चयन प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार तारीखें टलने या स्पष्ट सूचना न मिलने से युवाओं पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। प्रतियोगियों ने मांग की है कि आयोग को परीक्षा का कैलेंडर पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध रखना चाहिए ताकि युवाओं को असमंजस की स्थिति का सामना न करना पड़े।
युवाओं की दो टूक: जल्द दूर हो सभी विवाद और घोषित हों नई तारीखें
Teacher Recruitment Reservation Dispute CG: सड़क पर उतरे प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि वे कई वर्षों तक कड़ा संघर्ष करके इन परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन प्रशासनिक और कानूनी अड़चनों के कारण उनकी मेहनत प्रभावित होती है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और संबंधित विभागों को पांच सूत्रीय मांग-पत्र सौंपते हुए मांग की है कि आरक्षण विवाद का त्वरित समाधान निकाला जाए, शिक्षक भर्ती परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएं और सभी लंबित भर्तियों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।



