
रायपुर का चर्चित हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर लंबे समय तक फरार रहने के बाद आखिरकार पुलिस के सामने पेश हो गया है। पूछताछ के लिए वह आज पुरानी बस्ती थाने पहुंचा। गौरतलब है कि रायपुर पुलिस रोहित की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पा रही थी। इस बीच रोहित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने राहत देते हुए उसकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है और उसे जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है।
धोखाधड़ी और हत्या की कोशिश जैसे कई गंभीर आरोप
रोहित तोमर का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। पिछले साल राजधानी के तेलीबांधा और पुरानी बस्ती सहित अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ 16 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में चाकूबाजी, मारपीट, हत्या का प्रयास, डराने-धमकाने और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। रोहित के बड़े भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर को पुलिस ने पिछले साल 8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया था लेकिन रोहित तब से पुलिस को चकमा दे रहा था।
कानूनी सुरक्षा के साथ जांच प्रक्रिया में शामिल
सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के बाद रोहित तोमर के तेवर बदले हुए नजर आ रहे हैं। अदालत के आदेश का पालन करते हुए वह अब पुलिस के सवालों का जवाब देने थाने पहुंच रहा है। पुरानी बस्ती पुलिस उससे दर्ज मामलों के संबंध में विस्तार से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस अभी उसे गिरफ्तार नहीं कर सकती लेकिन जांच के दौरान मिलने वाले सबूतों के आधार पर अपनी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करेगी। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर राजधानी के लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
Also Read: बलौदाबाजार हिंसा कांड: अमित बघेल के ठिकानों पर पुलिस की रेड, जब्त हुए मोबाइल और अहम दस्तावेज



