छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज से 24 वर्ष पहले, 1 नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ का गठन हुआ था। इस विशेष अवसर पर देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने X के माध्यम से छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने लिखा कि यह राज्य अपने समृद्ध सांस्कृतिक और जनजातीय परंपराओं के साथ सदैव प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा, “समस्त छत्तीसगढ़वासियों को राज्य के स्थापना दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। वैभवशाली लोक परंपरा और जनजातीय संस्कृति के अद्भुत संगम से सजा यह प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता रहे, यही कामना है।”
राज्यपाल रमेन डेका ने भी छत्तीसगढ़वासियों को बधाई देते हुए राज्य के विकास और प्रगति के प्रति अपनी शुभकामनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें और राज्य को एक सशक्त एवं प्रगतिशील भविष्य की ओर ले जाने में योगदान दें।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के 24 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में किए गए राज्य निर्माण के प्रयासों को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने हर क्षेत्र में प्रगति की है और सरकार आदिवासियों, किसानों, मजदूरों एवं वंचित वर्ग के लोगों के अधिकारों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश को तेजी से विकास के पथ पर ले जा रही है।”
उन्होंने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राज्योत्सव को दीपोत्सव के रूप में मनाएं और अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर छत्तीसगढ़ के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Also Read: खास तोहफे के साथ राज्यपाल से मिले CM साय: