आयुष्मान भारत योजना: मरीजों का किया गलत इलाज, इन अस्पतालों पर गिरी गाज

रायपुर में आयुष्मान भारत योजना के तहत गलत इलाज करने और अनियमितताएं पाए जाने पर श्री गोविंद हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। पेट दर्द की शिकायत लेकर आई एक महिला मरीज को इस अस्पताल ने हर्निया का मरीज बताकर गलत इलाज कर दिया था। इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद आयुष्मान योजना ने अस्पताल को पूरे एक साल के लिए निलंबित कर दिया है।

150 से अधिक क्लेम जांच के दायरे में, लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश

श्री गोविंद हॉस्पिटल के खिलाफ लगातार अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। राज्य स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया कि अस्पताल द्वारा किए गए लगभग 150 पैकेज संदिग्ध पाए गए हैं और इन सभी की जांच जारी है। फर्जीवाड़े की गंभीरता को देखते हुए, विभागीय स्तर पर अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने और संस्था को बंद कराने की सिफारिश भी भेजी गई है।

हर्निया का गलत पैकेज लागू किया, फर्जी सोनोग्राफी रिपोर्ट पकड़ी

मामले की शुरुआत तब हुई जब आयुष्मान योजना की नेशनल फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम को बांसटाल स्थित इस अस्पताल से अनियमितताओं की सूचना मिली। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने जाँच की तो कई फर्जी क्लेम पकड़े गए। अस्पताल ने सामान्य मरीजों को गंभीर बताकर उन पर गलत पैकेज लागू किए। हर्निया के नाम पर किए गए इलाज में फर्जी सोनोग्राफी रिपोर्ट तक दर्ज की गई थी, जिस पर अस्पताल प्रबंधन कोई भरोसेमंद जवाब नहीं दे सका।

फर्जीवाड़े में 8 अन्य अस्पतालों पर भी गिरी गाज

श्री गोविंद हॉस्पिटल के अलावा फर्जीवाड़े के मामलों में 8 अन्य अस्पतालों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है। इन सभी अस्पतालों को तीन-तीन महीने की अवधि के लिए आयुष्मान योजना से निलंबित कर दिया गया है। सरकार की यह कार्रवाई स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने का संकेत देती है।

निलंबित किए गए 9 अस्पतालों की सूची

फर्जी क्लेम और अनियमितताओं के कारण निलंबित किए गए अस्पतालों की सूची और उनकी निलंबन अवधि इस प्रकार है:

अस्पतालनिलंबन अवधि
श्री गोविंद हॉस्पिटल, बांसटाल1 वर्ष
वरदान हॉस्पिटल, शंकर नगर3 माह
जौहरी सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल, भाठागांव3 माह
न्यू रायपुरा हॉस्पिटल, महादेवघाट रोड3 माह
सौभाग्य हॉस्पिटल, खमतराई3 माह
सिद्धि विनायक हॉस्पिटल, उरकुरा3 माह
शिवम हॉस्पिटल, कुशालपुर3 माह
लक्ष्मी हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी होम, आरंग3 माह
जैन अस्पताल, देवेंद्र नगर3 माह

Also Read: राज्य में मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि: CGMSC ने तीन दवाओं को तीन वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट किया

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button