
रायपुर: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान कायम की है। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि PMGSY-IV के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 774 नई सड़कों (कुल लंबाई 2,426.875 किमी) की स्वीकृति मिली है। यह स्वीकृति छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास अभियान को नई गति देगी।
PMGSY-IV में पहली बार बारहमासी संपर्कता का लक्ष्य
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के इस निर्णय की सबसे खास बात यह है कि PMGSY-IV चरण में पहली बार पात्र संपर्क-विहीन बसावटों को ‘बारहमासी सड़क संपर्कता’ प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस ऐतिहासिक स्वीकृति से छत्तीसगढ़ की दूरस्थ और वंचित बसावटों तक सर्व मौसम सड़क सुविधा पहुँचाने का मार्ग खुल गया है, जिससे उनका दैनिक जीवन आसान हो सकेगा।
ग्रामीण विकास अभियान को मिलेगी नई गति: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 774 नई सड़कों की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय दूरस्थ और संपर्क-विहीन बसावटों को बारहमासी सड़क सुविधा प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक ग्राम तक सुरक्षित और सुदृढ़ सड़क संपर्क सुनिश्चित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाए।
उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए केंद्रीय मंत्री ने की छत्तीसगढ़ की सराहना
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ के लगातार अग्रणी प्रदर्शन की सराहना की है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ के लोगों, पीएमजीएसवाई टीम, इंजीनियरों और मैदानी अमले को बधाई दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लक्षित लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुँचाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे और छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास की गति में तेजी आएगी।
बाज़ार, स्वास्थ्य और शिक्षा तक सुगम पहुँच सुनिश्चित
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय का कहना है कि बारहमासी सड़क संपर्कता से इन बसावटों को बाज़ार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पोषण, आपदा प्रबंधन और दैनिक आवागमन में व्यापक सुविधा मिलेगी। इस सड़क सुविधा से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी, ग्रामीण आजीविका में वृद्धि और जन-कल्याणकारी सेवाओं तक सुगम पहुँच सुनिश्चित होगी।
छत्तीसगढ़ को अब तक स्वीकृत 9,722 सड़कें और 669 पुल
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विभिन्न चरणों में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन हमेशा उत्कृष्ट रहा है। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को अब तक कुल 9,722 सड़कें (48,594 किमी) और 669 पुल स्वीकृत हुए हैं। इन स्वीकृत कार्यों में से 8,753 सड़कें (43,380 किमी) और 470 पुलों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, जो राज्य के मजबूत ग्रामीण संपर्क ढाँचे को दर्शाता है।
टीम और मैदानी अमले की मेहनत से मिली बड़ी सफलता
केंद्रीय मंत्री द्वारा दी गई बधाई में पीएमजीएसवाई टीम और मैदानी अमले की मेहनत की सराहना निहित है। छत्तीसगढ़ ने योजना के क्रियान्वयन में जो सफलता हासिल की है, वह अभियंताओं और मैदान पर कार्यरत कर्मचारियों के लगातार प्रयासों का परिणाम है। इन नई सड़कों की स्वीकृति से दुर्गम क्षेत्रों में विकास की नई राहें खुलेंगी।



