CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, अमित शाह की नक्सल रणनीति बैठक और रायपुर में बच्चों से मुलाकात, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की सुकमा में होगी बड़ी सभा,18 नई सेंट्रल लाइब्रेरी का उद्घाटन, रजत बिल्डर्स को 57.97 लाख लौटाने का CG RERA आदेश, खाद की किल्लत पर किसानों का चक्काजाम, अब जुलाई तक मिलेगा 3 महीने का राशन, बीजापुर में आरक्षक पर हमला समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
राशनकार्ड धारकों को 20 जुलाई तक तीन महीने का एकमुश्त राशन मिलने की संभावना
CG Ration Card: छत्तीसगढ़ के राशनकार्ड धारकों के लिए खुशखबरी है कि छत्तीसगढ़ में चल रहे चावल उत्सव के तहत अब वे 20 जुलाई तक तीन महीने का राशन एकमुश्त प्राप्त कर सकेंगे। खाद्य विभाग ने केंद्र सरकार को पत्र भेजकर चावल वितरण सीमा बढ़ाने की मांग की है। मशीन रिप्लेसमेंट के कारण 3.41 करोड़ बायोमेट्रिक ट्रांजैक्शन में देरी हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही केंद्र से अनुमति मिल जाएगी।
नक्सल रणनीति पर मंथन के बाद वाराणसी रवाना हुए गृहमंत्री अमित शाह और CM साय, विकास परिषद की बैठक में लेंगे हिस्सा
Amit Shah Varanasi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा पूरा कर सोमवार को वाराणसी के लिए रवाना हो गए। उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी वाराणसी पहुंचे, जहां वे मध्य क्षेत्रीय विकास परिषद की बैठक में भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता खुद गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। CM साय ने बताया कि बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा होगी। वहीं, अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान अमित शाह ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को लेकर हाई लेवल मीटिंग की, जवानों से मुलाकात की और रायपुर में NFSU और CFSL के स्थायी कैंपस की आधारशिला भी रखी। नारायणपुर दौरा मौसम के कारण रद्द करना पड़ा, लेकिन शाह ने रायपुर में बस्तर से आए जवानों के साथ मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और केसी वेणुगोपाल, सुकमा में होगी बड़ी सभा
Congress leaders Kharge: छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमाने वाली है। कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। शराब घोटाले में सुकमा स्थित राजीव भवन की ED द्वारा कुर्की, खाद-बीज संकट और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बड़ी सभा आयोजित करने जा रही है। इस सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल भी शिरकत करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष 7 जुलाई को छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। दौरे की तैयारियों को लेकर आज पोलिटिकल अफेयर्स कमेटी की अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में खुलेंगी 18 सेंट्रल लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगी पढ़ाई की बेहतर सुविधा
CG New Central Libraries: छत्तीसगढ़ सरकार ने 114 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 17 नगरीय निकायों में 18 सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन खोलने का फैसला लिया है। इसमें सुकमा, दंतेवाड़ा, सूरजपुर जैसे दूरस्थ अंचल भी शामिल हैं। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं और उच्च गुणवत्ता की किताबें मिलेंगी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव की स्वीकृति के बाद योजना को मंजूरी दे दी गई है।
रायपुर में अमित शाह ने की नक्सल प्रभावित बच्चों से मुलाकात
Amit Shah Naxal-Affected Children: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रायपुर में नक्सल प्रभावित बीजापुर के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, “जिन हाथों में कभी बंदूक थी, अब उनमें किताबें हैं।” ‘लियोर ओयना’ योजना के तहत इन बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। शाह ने इसे भविष्य निर्माण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
दुर्ग में पहली बार रेड कार्पेट फैशन शो, बॉलीवुड एक्ट्रेस अमृता प्रकाश ने लगाया ग्लैमर का तड़का
Durg Red Carpet Fashion Show: छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर ने पहली बार फैशन की दुनिया में एक बड़ा कदम रखा। यहां ‘रेड कार्पेट फैशन फेस्टिवल’ का आयोजन हुआ, जिसमें 55 से ज्यादा मॉडल्स ने रैम्प पर जलवा बिखेरा। शो की खास मेहमान रहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस अमृता प्रकाश, जिनकी मौजूदगी ने इवेंट में ग्लैमर का रंग भर दिया। शिवनाथ नदी के किनारे स्थित पृथ्वी पैलेस में आयोजित इस भव्य फैशन शो का आयोजन फिनीस इंस्टीट्यूट द्वारा किया गया। संस्थान की डायरेक्टर शिखा साहू ने इसे अपने पांच साल की मेहनत का परिणाम बताया। शो का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय टैलेंट को राष्ट्रीय स्तर का मंच देना था – और ये मकसद बखूबी पूरा हुआ।
CG RERA का कड़ा फैसला, रजत बिल्डर्स को लौटाने होंगे 57.97 लाख रुपये, फ्लैट नहीं देने पर खरीदार को मिला न्याय
CG RERA verdict: छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (CG RERA) ने रियल एस्टेट जगत में बड़ा और मिसाल कायम करने वाला फैसला सुनाया है। दुर्ग जिले के ‘रजत होम्स कादम्बरी’ प्रोजेक्ट में तय समय पर फ्लैट का कब्ज़ा न देने पर रजत बिल्डर्स को खरीदार को 57.97 लाख रुपये लौटाने का आदेश दिया गया है। यह फैसला 2014 से फ्लैट का इंतजार कर रहे आवंटी के पक्ष में आया है। रेरा ने साफ कहा कि बिल्डर ने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया और तय समयसीमा में फ्लैट सौंपने में विफल रहा, जो कि उपभोक्ता के अधिकारों का सीधा हनन है।
छत्तीसगढ़ में खाद की कमी पर किसानों का चक्काजाम, सहकारी समिति पर घेराव की दी चेतावनी
CG Farmers Protest: सरगुजा के बतौली में खाद की कमी से नाराज सैकड़ों किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर चक्काजाम किया। एक महीने से खाद न मिलने पर उनका गुस्सा फूटा और उन्होंने सहकारी समिति का घेराव करने की चेतावनी दी। समिति प्रबंधक ने खाद की कमी को अस्थायी बताया और जल्द वितरण का आश्वासन दिया।
भोपाल से पकड़ा गया भूपेश बघेल का करीबी केके श्रीवास्तव, स्मार्ट सिटी ठगी में 15 करोड़ की ठगी का आरोप
KK Srivastava Arrest: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी केके श्रीवास्तव को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में 15 करोड़ की ठगी के आरोप में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और रायपुर पुलिस की टीम ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ फर्जीवाड़े के मामले में फरार चल रहा था। केके श्रीवास्तव पर 300 करोड़ से अधिक के लेनदेन की भी जांच की जा रही है। वह अपने परिवार के साथ एक होटल में छिपा हुआ था, जहां से उसे पकड़ लिया गया। मामले की जांच जारी है और जल्द और खुलासे की संभावना है।
बीजापुर में आरक्षक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से घायल
Bijapur Constable Attack: बीजापुर जिले में एक आरक्षक पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया है। घटना में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस टीम ने घटना स्थल का दौरा कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Also Read: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की शाखा कब बनी: एक ऐतिहासिक यात्रा



