
New Chief Secretary: राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी विकासशील को छत्तीसगढ़ का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया जाएगा। वे वर्तमान में मनीला स्थित एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) में कार्यकारी निदेशक (Executive Director) के पद पर तैनात थे।
केंद्र सरकार ने करवाया समय से पहले रिलीव
CG Chief Secretary: जनवरी 2024 में विकासशील को केंद्र सरकार ने तीन साल की अवधि के लिए ADB भेजा था। लेकिन हाल ही में भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) ने ADB से पत्र लिखकर उन्हें समय से पहले रिलीव करने का अनुरोध किया। इसके बाद ADB ने उन्हें रिलीव कर दिया है। बताया जा रहा है कि वे अगले सप्ताह रायपुर लौटेंगे।
शानदार करियर ग्राफ
- 1994 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन और छत्तीसगढ़ कैडर में नियुक्ति।
- रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों में कलेक्टर के रूप में कार्य।
- राज्य शासन में उद्योग, वित्त, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व।
- केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय में कार्य, विशेषकर जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के रूप में उल्लेखनीय योगदान।
- जनवरी 2024 से ADB में Executive Director के रूप में नियुक्ति।
- मार्च 2025 में भारत सरकार में सचिव-ग्रेड के लिए एंपैनलमेंट।
मौजूदा मुख्य सचिव का कार्यकाल पूरा
वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल इस महीने की आख़िरी तारीख को पूरा हो रहा है। जून में उन्हें रिटायरमेंट के दिन ही तीन महीने का एक्सटेंशन मिला था, जो 30 सितंबर 2025 तक है। अब उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाए जाने की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद उन्हें राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त बनाया जा सकता है।
13वें मुख्य सचिव होंगे विकासशील
विकासशील छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव होंगे। अब तक राज्य में ये अधिकारी मुख्य सचिव रह चुके हैं –
- अरुण कुमार (2000–2003)
- एस.के. मिश्रा (2003–2004)
- ए.के. विजयवर्गीय (2004–2005)
- आर.पी. बागी (2005–2007)
- शिवराज सिंह (2007–2008)
- पी. जॉय उमेन (2008–2012)
- सुनील कुमार (2012–2014)
- विवेक ढांड (2014–2018)
- अजय सिंह (2018–2019)
- सुनील कुजूर (2019)
- आर.पी. मंडल (2019–2020)
- अमिताभ जैन (2020–2025)



