
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पूज्य गुरु घासीदास बाबा पर अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विजय राजपूत ने शराब के नशे में सतनाम पंथ के गुरु के बारे में आपत्तिजनक बातें कही थीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। सतनामी समाज की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
सिंधी कॉलोनी में शराब के नशे में दी थी गाली
दरअसल, रायगढ़ के चक्रधर नगर स्थित सिंधी कॉलोनी में रहने वाले विजय राजपूत ने बुधवार रात सिग्नल चौक पर शराब के नशे में गुरु घासीदास के लिए आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियाँ की थीं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे सतनामी समाज के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
सतनामी समाज ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद, सतनामी समाज के लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया और पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। सतनामी समाज के अजय कुमार भारद्वाज की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
देखिये वीडियो-
आरोपी के खिलाफ SC/ST एक्ट सहित कई धाराएँ दर्ज
सतनामी समाज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी विजय राजपूत के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। उस पर बीएनएस की धारा 296, 299, 302, 352, 3(5) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई थी।
वीडियो जारी कर मांगी थी माफी, लेकिन नहीं मिली राहत
गुरु घासीदास पर अपशब्दों का प्रयोग करने के बाद आरोपी विजय राजपूत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके माफी भी मांगी थी। माफीनामे में उसने कहा कि “कल रात मैंने शराब के नशे में गुरु घासीदास जी के बारे में गलत टिप्पणी कर दी थी। इसके लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं। गुरु बाबा घासीदास जी हम सबके पूजनीय हैं। मैं अमित बघेल के खिलाफ बोलना चाहता था और गलती से मेरे मुंह से अपशब्द निकल गए।” हालांकि, समाज की नाराजगी और कानूनी अनिवार्यता के चलते पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



