
रायपुर। CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार थोड़ी थम गई है। बारिश की गतिविधियों में कमी आने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले चार दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में खास बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद फिर से मौसम मेहरबान हो सकता है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में हो सकती है भारी बारिश
Weather News: हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। भारी वर्षा की संभावना खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के हिस्सों में जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां काफी धीमी रहेंगी।
बलरामपुर में भारी बारिश, बाकी जगह मौसम रहा शुष्क
Today Weather Update: पिछले 24 घंटों के भीतर बलरामपुर जिले में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। दौरा कोचली में 14 सेंटीमीटर, रामचंद्रपुर में 13 सेंटीमीटर, अंबिकापुर में 9 सेंटीमीटर, सूरजपुर, लटोरी और कुसमी में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई है। वहीं बाकी जिलों में या तो मौसम शुष्क रहा या कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ीं।
मानसून द्रोणिका की स्थिति
CG IMD Alert: मौसम विभाग ने बताया कि मानसून द्रोणिका (ट्रफ लाइन) इस वक्त अमृतसर, चंडीगढ़, शामली, शाहजहांपुर, लखनऊ, छपरा, बांकुरा, केनिंग होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार और उससे लगे उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर लगभग 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी सक्रिय है, जो आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव ला सकता है।

राजधानी रायपुर का हाल
Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां आज बादल छाए रहने की संभावना है। हल्की बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



