
Gariaband Accident News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। वह अपनी इनोवा कार से गरियाबंद स्थित अपने निजी निवास से राजधानी रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजापड़ाव से पहले हाईवे के मोड़ पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी।

राजापड़ाव के पास हुआ हादसा
Gariaband News: यह दुर्घटना जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच घटी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गरियाबंद की तरफ से आ रही पिकअप ने राजापड़ाव के पास स्थित एक तीखे मोड़ पर नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।

हादसों के लिहाज से संवेदनशील बना 40 किलोमीटर का मार्ग
CG Road Accident: स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के मुताबिक, नेशनल हाईवे-130 सी पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच का लगभग 40 किलोमीटर का हिस्सा हादसों के लिहाज से बेहद खतरनाक बन चुका है। बरसात के दिनों में इस रास्ते पर अक्सर गाड़ियां अनियंत्रित होकर टकरा जाती हैं। अभ्यारण्य क्षेत्र होने की वजह से सड़क के चौड़ीकरण का काम अटका हुआ है, जिससे संकरे रास्ते और तीखे मोड़ों पर चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सड़क सुरक्षा और चौड़ीकरण पर उठ रहे सवाल
इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के कारण अब स्थानीय प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब एक महीने पहले इसी नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में देवभोग के रेंजर और उनके चालक की जान चली गई थी। लगातार हो रही इन गंभीर घटनाओं के बाद अब स्थानीय लोग सड़क के चौड़ीकरण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।




