
Balod Crime News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 37 वर्षीय पिता पर अपनी ही 14 साल की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोपी पिछले एक साल से डरा-धमकाकर अपनी बेटी से ज्यादती कर रहा था। पीड़िता द्वारा परिजनों को आपबीती बताए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जान से मारने की धमकी देकर एक साल से कर रहा था प्रताड़ित
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पेशे से मजदूर आरोपी उस समय वारदात को अंजाम देता था जब पीड़िता घर में अकेली रहती थी। पीड़िता जब 13 साल की थी, तब पहली बार आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया था। इसके बाद वह किसी को कुछ बताने पर उसे और उसकी मां को जान से मारने तथा घर से बाहर निकालने की धमकी देता रहा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही।

हिम्मत जुटाकर मां को बताई आपबीती, थाने में शिकायत दर्ज
अंततः पीड़िता ने साहस दिखाते हुए पूरी बात अपनी मां को बताई। आपबीती सुनने के बाद मां अपनी बेटी को लेकर गुंडरदेही थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया, जिसमें घटना की पुष्टि हुई। बालोद पुलिस अधीक्षक सीके गंगाराम ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया।
पॉक्सो और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई
गुंडरदेही पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी कर रही है।



