
Dhamtari Flood Alert: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हो रही मूसलाधार बारिश से सभी प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गंगरेल बांध के तीन गेट खोलकर महानदी और मुख्य नहर में पानी छोड़ा जा रहा है। बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
गंगरेल और मुरूमसिल्ली बांध क्षमता के करीब पहुंचे
Dhamtari News: 3 सितंबर की सुबह प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार धमतरी जिले के प्रमुख बांधों में जलभराव काफी बढ़ चुका है। गंगरेल जलाशय अपनी क्षमता का 97.40 प्रतिशत भर चुका है। वहीं मुरूमसिल्ली जलाशय 98.61 प्रतिशत, दुधावा जलाशय 86.86 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय 69.25 प्रतिशत तक भर गया है। बांधों के कैचमेंट एरिया से लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
महानदी और मुख्य नहर में छोड़ा जा रहा 4670 क्यूसेक पानी
Chhattisgarh Monsoon Update: जलाशयों की सुरक्षा और जलस्तर को संतुलित बनाए रखने के लिए गंगरेल बांध से कुल 4670 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है। इसमें से 1410 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के माध्यम से महानदी मुख्य नहर में भेजा जा रहा है। शेष 3360 क्यूसेक पानी सीधे महानदी में छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना जताए जाने से नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।
महानदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
Dhamtari Flood Alert: महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी तट पर बसे सभी गांवों में हाई अलर्ट घोषित किया है। निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनती नदी या नालों को पार करने की कोशिश न करें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
देखें वीडियो-
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्थिति का जायजा लेते हुए मैदानी अमले को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व, सिंचाई और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी रखने को कहा है। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग आपस में तालमेल बनाकर काम करें और संवेदनशील गांवों में पहले से सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करें।
अफवाहों से बचने और सिर्फ अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से आधिकारिक जानकारियों पर ही ध्यान देने का आग्रह किया है। लोगों से कहा गया है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी भी तरह की समस्या होने पर स्थानीय पंचायत या प्रशासनिक टीम से तुरंत संपर्क करें। बच्चों और पशुओं को नदी या नालों के पास न जाने देने की हिदायत भी दी गई है।



