
रायपुर: Manjusha Goswami Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवविवाहिता मंजूषा गोस्वामी की आत्महत्या (Suicide) के मामले ने सनसनी फैला दी है। आत्महत्या से ठीक पहले मंजूषा द्वारा बनाए गए एक वीडियो ने पूरी कहानी खोल दी, जिसमें उसने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
वीडियो ने खोल दी प्रताड़ना की पोल
Raipur Suicide Case: नवविवाहिता मंजूषा गोस्वामी ने 21 अक्टूबर 2025 को आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। जांच के दौरान पुलिस को यह वीडियो मिला, जिसमें मंजूषा ने अपने पति, सास, ससुर और देवर पर दहेज और अन्य कारणों से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया था। वीडियो और अन्य साक्ष्यों को पुलिस ने मामले का मुख्य आधार बनाया है।
हाथ काटने की कोशिश के बाद लगाई फांसी
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को सूचना मिली कि मंजूषा गोस्वामी ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। उसने पहले अपने हाथ को काटने का प्रयास किया और उसके बाद पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह ने तत्काल जांच कर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। CSP पुरानी बस्ती राजेश देवांगन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाया और वीडियो तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया।
ससुराल पक्ष के चार आरोपी गिरफ्तार
वीडियो और आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मंजूषा के पति, ससुर, सास और देवर शामिल हैं।
| आरोपी का नाम | रिश्ते में | उम्र |
| पूर्वेन्द पुरी गोस्वामी | पति | 34 वर्ष |
| अभिषेक पुरी गोस्वामी | देवर | 31 वर्ष |
| पुष्पलता गोस्वामी | सास | 53 वर्ष |
| विजय गोस्वामी | ससुर | 61 वर्ष |
आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने चारों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना डी.डी. नगर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार यादव और पेट्रोलिंग स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
देखिये वीडियो-
दहेज प्रताड़ना के अन्य पहलुओं की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मृतका द्वारा बनाए गए वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मंजूषा को किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। मामले में दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है।



