छत्तीसगढ़ में ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शुक्रवार को राजनांदगांव जिले में राज्य सरकार के ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि खरगे बृहस्पतिवार देर शाम छत्तीसगढ़ पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के ठेकवा गांव में दोपहर करीब 12 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे।
पिछले दो महीनों में कांग्रेस शासित राज्य की यह खरगे की दूसरी यात्रा है। राज्य में इस वर्ष के अंत तक चुनाव होना है।
उन्होंने बताया कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे बृहस्पतिवार देर शाम रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, राज्य के मंत्री और कांग्रेस के विधायकों ने उनका स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री के साथ आज सुबह ठेकवा गांव के लिए रवाना होंगे।
इससे पहले खरगे 12 अगस्त को जांजगीर-चांपा जिले में ‘भरोसे का सम्मेलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे।