
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से मौसम ने राहत दी हुई थी। तापमान सामान्य से नीचे चल रहा था, जिससे लोगों को झुलसाती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। आज यानी रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले दो दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। लेकिन उसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पारा 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव, बादलों की आवाजाही
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के मुताबिक, मध्य उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका 0.9 किमी ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके अलावा एक चक्रवाती परिसंचरण भी एक्टिव मोड में है, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है। यही वजह है कि आज प्रदेश के एक-दो इलाकों में गरज चमक के साथ अंधड़, हल्की बारिश और वज्रपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इसके बाद प्रदेश में गर्मी का दौर फिर शुरू होगा और तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि देखने को मिलेगी।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर में सबसे अधिक तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान पेण्ड्रा रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
23 जिलों में येलो अलर्ट, अगले 3 घंटे सावधान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 घंटों के भीतर 23 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं (30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार) और हल्की बारिश की आशंका है।
अलर्ट वाले जिले:
कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर।
रायपुर का मौसम भी बदलेगा मिजाज
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारों की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बार-बार बदल रहा है। जहां एक ओर बारिश और आंधी से थोड़ी राहत है, वहीं दूसरी ओर आने वाले दिनों में गर्मी फिर सिर उठाने वाली है। तो आप भी तैयार रहिए – छाता भी साथ रखिए और गर्मी से बचने के जतन भी।



