
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक विवाहित युवक ने लेडीज टेलर से यौन संबंध बनाने की मांग की, जिसके मना करने पर उसने महिला को गाली-गलौज किया और धमकाया। आरोपी युवक गनपत ध्रुव अपनी पत्नी के कपड़े सिलवाने के बहाने लेडीज टेलर के घर गया था और वहीं उसका मोबाइल नंबर लिया था। इसके बाद वह महिला को परेशान करने लगा। पीड़ित महिला और उसके पति ने युवक के खिलाफ खुर्सीपार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
डेढ़ साल पहले लिया था नंबर, फिर शुरू की अश्लील बातें
पीड़िता के मुताबिक, वह खुर्सीपार की रहने वाली है और सिलाई का काम करती है। आरोपी गनपत ध्रुव डेढ़ साल पहले अपनी पत्नी का ब्लाउज सिलवाने के बहाने घर आया था और इसी बहाने उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया। शुरुआत में वह सामान्य बातचीत करता था, लेकिन कुछ समय बाद बार-बार फोन करके अश्लील बातें करने लगा और प्रपोज किया।

पति के विरोध के बाद भी नहीं रुका आरोपी
महिला के पति ने जब इसका विरोध जताया और आरोपी को समझाया, तो वह कुछ समय के लिए शांत हो गया था। लेकिन 28 नवंबर 2005 को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आरोपी ने फिर से अलग-अलग नंबरों से फोन करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि युवक बार-बार अपने लव अफेयर का जिक्र कर उसे बहकाने की कोशिश करता था और उससे फिजिकल रिलेशन बनाने के लिए मानसिक रूप से परेशान करता है।
किडनैप करने और पति को जान से मारने की धमकी
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फोन पर ऊंची आवाज में धमकी दी कि वह उसे उठवा लेगा और उसका अपहरण करके ले जाएगा। इसके अलावा आरोपी ने महिला के पति के साथ भी गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इन लगातार धमकियों और उत्पीड़न से महिला और उसका परिवार काफी डरा हुआ है।
मजबूर होकर पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
आरोपी की हरकतों के बढ़ते जाने और परिवार को जान का डर होने के कारण पीड़ित महिला और उसके पति को मजबूर होकर खुर्सीपार थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। पीड़िता ने शिकायत में स्पष्ट किया है कि अगर भविष्य में उसके या परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए यही युवक जिम्मेदार होगा। महिला ने दुर्ग पुलिस से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी पर केस किया दर्ज
खुर्सीपार थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी गनपत ध्रुव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्ग पुलिस एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 79 (अश्लील कृत्य/उत्पीड़न) और धारा 351(3) (धमकी और डराने-धमकाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।



