
Durg University Website Hacked: छत्तीसगढ़ की हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग यूनिवर्सिटी) की वेबसाइट एक बार फिर हैक हो गई। सोमवार को पाकिस्तानी हैकर्स ने वेबसाइट पर घुसपैठ कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली लिखते हुए एक आपत्तिजनक पोस्टर अपलोड कर दिया। हालांकि देर शाम तक वेबसाइट को दोबारा बहाल कर लिया गया।

तीन महीने में तीसरी बार वेबसाइट हैक
यह पहली बार नहीं है जब दुर्ग यूनिवर्सिटी की वेबसाइट को निशाना बनाया गया हो। पिछले तीन महीनों में यह तीसरी घटना है। 7 जुलाई को पहली बार हैकिंग हुई थी, उसके बाद 7 सितंबर को दूसरी बार और अब 8 सितंबर को तीसरी बार वेबसाइट हैक की गई। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने विश्वविद्यालय की साइबर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सर्वर सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
Durg News: साइबर सुरक्षा जानकारों का कहना है कि यूनिवर्सिटी की वेबसाइट फिलहाल शेयर्ड सर्वर पर चल रही है, जिसमें सुरक्षा स्तर डेडिकेटेड सर्वर की तुलना में काफी कमजोर होता है। यही वजह है कि हैकर्स बार-बार इसकी सुरक्षा दीवार तोड़ने में सफल हो रहे हैं।

हजारों छात्र प्रभावित
Durg University Website Case: दुर्ग यूनिवर्सिटी से दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के करीब 147 कॉलेज जुड़े हुए हैं। हजारों छात्र परीक्षा तिथियों, परिणामों और समय-सारणी जैसी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए इसी वेबसाइट पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में बार-बार हैकिंग की घटनाओं से छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ रही है और यूनिवर्सिटी प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।



