
रायपुर Swasth Nari Sashakt Parivar: भारत सरकार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान चलाने जा रही है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के इंदौर से करेंगे। इसी दौरान राष्ट्रीय पोषण माह 2025 का शुभारंभ भी किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर से इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
रायपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
राज्य स्तर पर आयोजन राजधानी रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम में होगा। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी। इसी कार्यक्रम के जरिए सीएम प्रधानमंत्री के साथ जुड़कर अभियान की शुरुआत करेंगे।
क्या है “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान?
इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश में 7,500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं और बच्चों की शुरुआती जांच की जाएगी। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, क्षय रोग और कुष्ठ जैसी बीमारियों की जांच व उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसवपूर्व जांच और मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड वितरण होगा। साथ ही, बच्चों का टीकाकरण और किशोरी बालिकाओं को पोषण व मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी।
राष्ट्रीय पोषण माह 2025 की खास बातें
पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी और पंचायत स्तर पर सामुदायिक कार्यक्रम होंगे। इसमें पोषण पंचायतें, स्वास्थ्य जांच और परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे। पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष पंजीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही, कोदो, कुटकी और रागी जैसे स्थानीय मोटे अनाज को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। बच्चों की परवरिश में पुरुषों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी फोकस रहेगा।
सीएम साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की असली नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला और बाल स्वास्थ्य पर शुरू हो रहा यह अभियान हर घर को नई शक्ति देगा। छत्तीसगढ़ में इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा, जिसमें पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकाय, महिला मंडल, स्वयंसेवी संगठन और युवा मिलकर सक्रिय भागीदारी करेंगे।”



